Udhampur Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में हाहाकार मचा हुआ हुआ है। दरअसल, आज रामनगर के कागोत इलाके में एक यात्री बस पलट गई जिससे इसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोगों को गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया है।
राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी। जालो क्षेत्र के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन चश्मदीदों का कहना है कि बस तेज रफ्तार में थी और एक मोड़ पर टायर फटने के बाद चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
लापरवाही की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का नतीजा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की तेजी से जांच जारी है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
इस दर्दनाक घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गवांने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने आश्वासन दिया है कि सरकार इस मुश्किल समय में पीड़ितों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री का भी सामने आया रिएक्शन
वहीं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
उपराज्यपाल ने दिए निर्देश
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और सभी घायलों को सही से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मामले की जांच जारी
फिलहाल प्रशासन और पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस बीच, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
Read More:
दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग का झगड़ा बना मौत का जाल, दिनदहाड़े चली गोली, युवक की गई जान…

