मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और भी तीव्र हो गया है। मंगलवार को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर कई हमले किए, जिनमें खोर्रमाबाद हवाई अड्डा प्रमुख निशाना रहा। इन हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है, जबकि ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है।
रिहायशी इलाकों पर बमबारी का आरोप
ईरानी रेड क्रिसेंट संगठन ने दावा किया है कि अमेरिका और इजरायल ने 17 रिहायशी इलाकों पर बमबारी की, जिसमें कई नागरिक हताहत हुए। रिपोर्ट के अनुसार, अल्बोर्ज प्रांत में हुए हमले में 18 लोगों की मौत, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। संगठन ने इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन बताते हुए कड़ी निंदा की है।
रेलवे से दूर रहने की चेतावनी
इजरायल ने फारसी भाषा में एक संदेश जारी कर ईरानियों को रेलवे लाइनों और ट्रेनों से दूर रहने की चेतावनी दी है। इसमें कहा गया है कि इन स्थानों पर रहना नागरिकों के लिए खतरनाक हो सकता है, जिससे संभावित नए हमलों के संकेत मिलते हैं।
ईरान का जवाबी हमला
हमलों के जवाब में ईरान ने इजरायल पर कई मिसाइलें दागीं। मीडिया के मुताबिक, इन हमलों से मध्य इजरायल में नुकसान हुआ है, हालांकि कई मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने का दावा भी किया गया है। कुछ हमलों में क्लस्टर सबम्युनिशन के इस्तेमाल की बात सामने आई है।
मिसाइल सिस्टम पूरी तरह सक्रिय
ईरान के सैन्य सूत्रों के अनुसार, देशभर में मिसाइल लॉन्चर सक्रिय कर दिए गए हैं और लगातार जवाबी हमले किए जा रहे हैं। नई टीमों की तैनाती के साथ हवाई हमलों को निष्क्रिय करने की कोशिशें भी तेज कर दी गई हैं राजधानी तेहरान में भी कई बड़े धमाकों की आवाजें सुनी गईं और आसमान में लड़ाकू विमानों की गतिविधि देखी गई। यह घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने ईरान को समयसीमा के भीतर समझौता न करने पर बड़े हमले की धमकी दी थी।
पेट्रोकेमिकल ठिकानों पर हमला
इजरायल ने दावा किया है कि उसने शिराज में एक पेट्रोकेमिकल परिसर को निशाना बनाया, जो कथित तौर पर मिसाइल और विस्फोटक सामग्री के उत्पादन से जुड़ा था। मौजूदा हालात में दोनों पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहे हैं, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
Read More
दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर, सीएम रेखा गुप्ता ने किया अहम ऐलान…

