मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब उनके लिए एक परिवार की तरह है और जनता ने उन्हें इस परिवार का जिम्मेदार मुखिया चुना है। इसलिए सरकार का दायित्व है कि हर फैसला सोच-समझकर लिया जाए और राज्य के संसाधनों का ईमानदारी से उपयोग हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों, आम आदमी क्लीनिक, सड़कों और अन्य विकास योजनाओं पर होने वाले हर खर्च का पूरा लेखा-जोखा रखा जा रहा है।
दिन में बिना कटौती किसानों को बिजली देने का फैसला – CM मान
CM भगवंत सिंह मान ने किसानों को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले उन्हें रात में बिजली दी जाती थी, जिससे भारी दिक्कतें होती थीं। उन्होंने सवाल किया कि जब सभी सरकारी दफ्तर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलते हैं, तो किसान का “दफ्तर” यानी खेत रात में क्यों चले? रात के समय बिजली मिलने से किसानों और मजदूरों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ती थी, साथ ही पूरी व्यवस्था भी प्रभावित होती थी। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने नीति में बदलाव करते हुए किसानों को दिन में लगातार 8 से 9 घंटे बिजली देने का फैसला किया है। अब सप्लाई तय समय पर और बिना बार-बार कटौती के उपलब्ध कराई जा रही है। किसान सुबह खेत में जाकर निर्धारित समय पर मोटर चलाते हैं और शाम को काम खत्म कर घर लौट आते हैं, बीच में बिजली बाधित नहीं होती।
निर्बाध बिजली देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार किसानों को दिन में निर्बाध बिजली और पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसान भी अन्य पेशों की तरह दिन के समय ही अपना काम सुचारु रूप से कर सकें।
Read More


