Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। लतीफ देवसर के जांगलपोरा इलाके में एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे घेरने के बाद आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया। स्थानीय लोगों की मदद से उससे वीडियो कॉल पर भी बातचीत की गई, लेकिन उसने हथियार डालने से साफ इनकार कर दिया।
वीडियो कॉल के दौरान सुरक्षाबलों ने उसे भरोसा दिलाया कि “हम तुम्हारे साथ हैं।” इस पर लतीफ ने जवाब दिया, ”मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। अल्लाह को देखूंगा। सरेंडर नहीं करूंगा।” इसके बाद भी सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए।
रात 2:45 बजे मस्जिद से शुरू की फायरिंग
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने बुधवार को बताया कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने आपसी तामलेम के साथ पूरी योजना बनाकर अभियान शुरू किया था। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई थी। एसएसपी ने खुद वीडियो कॉल के जरिए लतीफ से बातचीत की और उसे समझाया कि वह अभी युवा है और उसकी जिंदगी में बहुत कुछ बाकी है, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ।
एसएसपी के मुताबिक, बाद में लतीफ मस्जिद के अंदर चला गया। वहां से भी उसे बार-बार सरेंडर करने के लिए कहा गया। आखिरकार रात करीब 2 बजकर 45 मिनट पर उसने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
एसएसपी ने बताया कि मस्जिद के अंदर से गोलीबारी होने के कारण सुरक्षाबलों ने बेहद संयम बरता और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया। कार्रवाई के दौरान मस्जिद को नुकसान न पहुंचे या नुकसान न्यूनतम रहे, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया।
दो दिन पहले मुठभेड़ में घायल हुआ था लतीफ
लतीफ भट इससे पहले भी सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बचकर निकल चुका था। दो दिन पहले कुलगाम के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान वह घायल हो गया था, लेकिन भागने में कामयाब रहा। इस मुठभेड़ में उसका साथी उमर निसार डार मारा गया था। सेना ने शुरुआत में लतीफ के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि उसके पैर में गोली लगी थी।
11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर किया था हमला
लतीफ भट ने अपने साथी उमर निसार डार के साथ मिलकर 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में सीआरपीएफ की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबल दोनों आतंकियों की तलाश कर रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद रविवार दोपहर से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह लारू इलाके में आगे बढ़ रहे पुलिस के वाहन पर आतंकियों ने गोलीबारी कर दी थी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें सेना और सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हुए। इस कार्रवाई में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भाग निकला था।
छह महीने तक उमर ने दी थी लतीफ को पनाह
जांच में सामने आया कि उमर निसार डार ने लतीफ भट को करीब छह महीने तक अपने घर में पनाह दे रखी थी। दोनों ने सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमर घर छोड़ने के बाद आतंकी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल हुआ था और संगठन से जुड़ने के महज एक सप्ताह बाद ही मुठभेड़ में मारा गया।
हमले से पहले चार इलाकों में की थी रेकी
पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में पता चला कि लतीफ और उमर ने 10 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम इलाकों का दौरा किया था। दोनों ने इन जगहों पर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए उपयुक्त स्थानों और भागने के रास्तों की पहचान की थी।
मंगलवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भी लतीफ भट और उमर निसार डार को सीआरपीएफ कैंप के आसपास रेकी करते देखा गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर दोनों आतंकियों की गतिविधियों का पता लगाया था।
Read More:


[…] […]