भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने फिलीपींस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) अपने एक खास लुक को लेकर चर्चा में हैं। सोमवार शाम मनीला में आयोजित एक गाला डिनर में पीएम मोदी बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। इस खास कार्यक्रम की मेजबानी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने की थी। डिनर के दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय परिधान की जगह मेजबान देश की पारंपरिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनी। उनके इस अंदाज को फिलीपींस की संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है।
मनीला के फिलीपीन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की पोशाक काफी आकर्षक रही। उन्होंने कॉलर और बटन वाली पारंपरिक बारोंग तागालोग शर्ट पहनी थी। इस पर फूलों और घुमावदार डिजाइनों की बेहद बारीक कढ़ाई की गई थी। इसके साथ सुनहरे रंग का ब्रोच और हरी पत्तियों की डिजाइन वाला गुलाब के आकार का रंगीन लैपल पिन भी लगाया गया था। इसने उनके पूरे लुक को खास बना दिया।इस मौके पर फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर भी इसी पारंपरिक पोशाक में नजर आए। वहीं, देश की फर्स्ट लेडी लुईस अरानेटा-मार्कोस ने नीली कढ़ाई वाला आइवरी रंग का गाउन पहना था।
क्या है बारोंग तागालोग?
बारोंग तागालोग फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष पोशाक है। वहां इसे शादियों, सरकारी समारोहों और दूसरे खास आयोजनों में पहना जाता है। यह सामान्य शर्ट से काफी अलग होती है। इसका कपड़ा हल्का और कुछ हद तक पारदर्शी होता है। इसे पैंट के अंदर डालने के बजाय बाहर ही पहनने की परंपरा है।
बेहद खास कपड़ों से तैयार होती है यह शर्ट
बारोंग तागालोग की सबसे बड़ी पहचान इसकी खूबसूरत कढ़ाई और हल्का कपड़ा है। पारंपरिक रूप से इसे पिना और जुसी जैसे महीन कपड़ों से बनाया जाता है। पिना कपड़ा अनानास के पत्तों से निकाले गए रेशों से तैयार होता है जबकि जुसी रेशम और अन्य रेशों से बनाया जाने वाला महीन कपड़ा है।


