Amla Navami 2026: हिंदू धर्म में कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन आंवला नवमी का पर्व मनाया जाता है। इसे अक्षय नवमी और कूष्मांड नवमी के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा की जाती है और आंवले के पेड़ की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि तथा आरोग्य की कामना की जाती है।
इस साल नवमी तिथि 18 और 19 नवंबर दोनों दिन पड़ रही है, जिसके चलते पर्व की तारीख को लेकर लोगों में असमंजस है। पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि 18 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 4 मिनट पर शुरू होगी और 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट तक रहेगी।
हालांकि, आंवला नवमी के लिए पूर्वाह्न काल की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर नवमी तिथि समाप्त हो जाएगी, जबकि पूर्वाह्न पूजा का उचित समय 18 नवंबर को मिल रहा है। इसलिए इस साल आंवला नवमी बुधवार, 18 नवंबर को मनाई जाएगी।
आंवला नवमी 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
आंवला नवमी पर भगवान विष्णु और आंवले के पेड़ की पूजा के लिए इस बार 5 घंटे 20 मिनट का शुभ समय मिल रहा है। श्रद्धालु 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 6 मिनट तक पूजा-अर्चना कर सकते हैं।
इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:59 बजे से 5:53 बजे तक रहेगा। इस दौरान स्नान आदि करने के बाद व्रत और पूजा का संकल्प लेना शुभ माना जाता है। बुधवार होने के कारण इस दिन अभिजीत मुहूर्त नहीं रहेगा। वहीं, निशिता मुहूर्त रात 11:40 बजे से 19 नवंबर को रात 12:33 बजे तक रहेगा।
रवि योग में मनाई जाएगी आंवला नवमी
इस साल आंवला नवमी पर रवि योग का शुभ संयोग बन रहा है, जो पूरे दिन रहेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रवि योग में पूजा-पाठ और शुभ कार्य करने से सकारात्मक फल प्राप्त होते हैं। इस दिन ध्रुव योग सुबह से लेकर 8:05 बजे तक रहेगा। इसके बाद व्याघात योग शुरू होगा। वहीं, पूरे दिन शतभिषा नक्षत्र रहेगा।
आंवला नवमी पर रहेगा अग्नि पंचक का साया
आंवला नवमी के दिन अग्नि पंचक भी रहेगा। पंचक को ज्योतिष शास्त्र में पांच दिनों की विशेष अवधि माना जाता है। मान्यता के अनुसार, अग्नि पंचक के दौरान आग से जुड़ी गतिविधियों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इस पंचक की शुरुआत मंगलवार से हो रही है और इसकी अवधि पांच दिनों की होगी।
आंवला नवमी को अक्षय नवमी क्यों कहते हैं?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आंवला नवमी के दिन भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। अक्षय का अर्थ है ऐसा पुण्य जो कभी समाप्त नहीं होता। माना जाता है कि इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए धार्मिक कार्यों का फल लंबे समय तक बना रहता है। इसी मान्यता के कारण इस पर्व को अक्षय नवमी कहा जाता है।
आंवला नवमी का धार्मिक महत्व क्या है?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आंवला नवमी से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास रहता है। ऐसी भी मान्यता है कि इस दिन आंवले के पेड़ से अमृत की बूंदें बरसती हैं। आंवले में मौजूद स्वास्थ्यवर्धक गुणों के कारण इसे अमृत फल भी कहा जाता है।
मान्यता है कि आंवला नवमी के दिन पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है। इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा, परिक्रमा और दान करने का भी विशेष महत्व है।
क्यों कहते हैं कूष्मांड नवमी?
पौराणिक कथा के अनुसार, कार्तिक शुक्ल नवमी के दिन भगवान विष्णु ने कूष्मांड नामक राक्षस का वध किया था। इसी वजह से इस तिथि को कूष्मांड नवमी भी कहा जाता है। इस अवसर पर कूष्मांड यानी कद्दू का दान करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन दान-पुण्य और भगवान विष्णु की आराधना करने से विशेष पुण्य फल मिलता है।
Read More:
अमृतसर में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा! 15 करोड़ की हेरोइन, 3 पिस्टल और कारतूस बरामद

