HomeBreaking NewsBRICS मेहमानों के लिए दिल्ली के होटल्स में खास तैयारी, ताज-ललित के...

BRICS मेहमानों के लिए दिल्ली के होटल्स में खास तैयारी, ताज-ललित के मेन्यू में दिखेगा भारत का स्वाद

दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के लिए जहां सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं, वहीं विदेशी मेहमानों के स्वागत में राजधानी के लग्जरी होटल भी जुटे हैं। 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन के लिए कई होटलों में विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। ताज महल और द ललित ने मेहमानों के लिए ऐसे व्यंजन तैयार किए हैं, जिनमें भारतीय पाक परंपरा के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे।

ताज के ‘ट्रेडिशन टू टेबल’ में छह क्षेत्रों का स्वाद

ताज महल होटल ने BRICS प्रतिनिधिमंडलों के लिए ‘ट्रेडिशन टू टेबल’ थीम पर खास मेन्यू तैयार किया है। होटल के एरिया डायरेक्टर-ऑपरेशंस और जनरल मैनेजर डॉ. अनमोल अहलूवालिया के मुताबिक, नई दिल्ली का ताज महल पिछले पांच वर्षों से राष्ट्राध्यक्षों, राजनयिकों और दुनिया के प्रमुख नेताओं की मेजबानी करता आ रहा है। इस बार शेफ ने अपनी माताओं से प्रेरित ऐसी रेसिपीज तैयार की हैं, जिनमें व्यक्तिगत जुड़ाव के साथ भारतीय मेहमाननवाजी की झलक भी मिलेगी। मेन्यू में देश के छह अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक स्नैक्स शामिल किए गए हैं। इनमें कश्मीर के मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली का मैदा काजू, राजस्थान की मिनी कचौरी, बंगाल की कुचो निमकी, महाराष्ट्र की भाकरवाड़ी और तमिलनाडु का मुरुक्कू शामिल हैं।

ललित के मेन्यू में कबाब से लेकर जापानी स्टाइल राजमा

द ललित होटल ने भी विदेशी मेहमानों के लिए भारतीय पाक विरासत को केंद्र में रखते हुए अलग मेन्यू तैयार किया है। यहां प्रतिनिधियों को गलौटी कबाब, तंदूरी रोटियां और बाजरे से तैयार व्यंजन परोसे जाएंगे। होटल ने पारंपरिक भारतीय स्वाद के साथ अंतरराष्ट्रीय फ्लेवर को भी मेन्यू में जगह दी है।खास व्यंजनों में मिसो पेस्ट के साथ ब्रेज्ड बैंगन, धीमी आंच पर पकाई गई चाइनीज पत्ता गोभी और एम्बर सॉस के साथ जापानी शैली का मीठा राजमा शामिल है। वहीं द लीला होटल की ओर से भी मेहमानों के लिए विशेष व्यंजन और मिलेट्स से तैयार चीजें परोसे जाने की तैयारी है।

भारत मंडपम के आसपास सुरक्षा का बड़ा घेरा

BRICS सम्मेलन में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं के अलावा सहयोगी देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है, ऐसे में दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में 15 हजार पुलिसकर्मी, 200 पैरामिलिट्री कंपनियां और 500 से अधिक CCTV कैमरे तैनात किए गए हैं। सम्मेलन के चलते दिल्ली के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं और आज स्कूलों में भी छुट्टी रखी गई है। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के ठहरने वाले द लीला पैलेस, ताज महल और द ललित जैसे प्रमुख होटलों में सुरक्षा के साथ उनके खानपान को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Read More

BRICS देशों से पीयूष गोयल की बड़ी अपील, बोले- लोकल करेंसी में बढ़ाएं कारोबार

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments