Jaipur Murder Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार (11 सितंबर) को एक ही परिवार की चार महिलाओं की हत्या से सनसनी फैल गई। करधनी इलाके की गोविंद वाटिका कॉलोनी में 45 वर्षीय गीता देवी और उनकी तीन बेटियों नंदिनी (21), राधिका (18) और गौरी (15) के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चारों के सिर पर सीमेंट की ईंट से वार किया गया था।
पति पर पुलिस का शक
वारदात के बाद गीता देवी का पति राहुल झा फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस को फिलहाल आशंका है कि राहुल ने ही पत्नी और तीनों बेटियों की हत्या की है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी साफ नहीं हुई है और पुलिस पारिवारिक विवाद से लेकर आर्थिक परेशानी तक कई पहलुओं की जांच कर रही है।
घर की दूसरी मंजिल पर मिला शव
शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर गोविंद वाटिका कॉलोनी में शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे चार लोगों की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीमें राहुल झा के घर पहुंचीं। राहुल टाइल्स सप्लाई का काम करता था। उसकी पत्नी गीता देवी का शव घर की दूसरी मंजिल पर खून से लथपथ मिला, जबकि नंदिनी, राधिका और गौरी पहली मंजिल के बेडरूम में मृत पड़ी थीं।
परिवार में पांच लोग थे
परिवार में राहुल झा, उसकी पत्नी और तीन बेटियों के अलावा राहुल के बुजुर्ग पिता लक्ष्मीकांत झा भी रहते थे। पिता के मुताबिक, राहुल ने सुबह करीब 8 बजे उन्हें चाय बनाकर दी थी। इससे पहले करीब 7 बजे उसने दूध वाले से दूध भी लिया था। राहुल के घर से जाने के बाद बच्चों के कमरे में जाने पर लक्ष्मीकांत को हत्या का पता चला। पुलिस इसी आधार पर हत्या का समय सुबह करीब 8 बजे के आसपास मानकर जांच कर रही है।
शेयर बाजार में नुकसान और कर्ज
जांच में राहुल झा के आर्थिक संकट का एंगल भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि टाइल्स सप्लाई का उसका काम ज्यादा नहीं चलता था, क्योंकि उसकी कोई दुकान या शोरूम नहीं था। कुछ साल पहले उसने शेयर बाजार में निवेश शुरू किया था और उसे काफी नुकसान हुआ था। उस पर कई लोगों का कर्ज होने की बात भी सामने आई है।
पड़ोसी से लिए थे 25 हजार रुपये
जानकारी के मुताबिक, राहुल ने घटना से तीन दिन पहले पड़ोस में रहने वाली एक महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। उसने यह रकम दो महीने में लौटाने की बात कही थी। बताया जाता है कि वह देर रात तक घर की छत पर मोबाइल के जरिए शेयर बाजार से जुड़ा काम करता रहता था।
रिश्तेदारों को नहीं हो रहा यकीन
करीबी रिश्तेदारों और पड़ोसियों के अनुसार राहुल और गीता के बीच संबंध अच्छे थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद नहीं होता था। पूरा परिवार मिलनसार बताया जा रहा है। पड़ोसियों के मुताबिक राहुल धार्मिक प्रवृत्ति का था और रोज सुबह मंदिर जाता था। इसी वजह से लोगों को उस पर परिवार की हत्या करने का आरोप यकीन से परे लग रहा है।
पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
जयपुर पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी के रिश्ते, आर्थिक तंगी, कर्ज और कारोबारी नुकसान समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहुल के फरार होने और मोबाइल बंद होने के कारण फिलहाल उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है।
खाने में कुछ मिलाने की भी आशंका
पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि कहीं चारों को पहले खाने में कोई पदार्थ मिलाकर बेहोश तो नहीं किया गया था। इससे यह समझने में मदद मिल सकती है कि हत्या के दौरान उनकी चीखें परिवार के बुजुर्ग लक्ष्मीकांत या पड़ोसियों तक क्यों नहीं पहुंचीं। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राहुल के सामने आने के बाद ही वारदात की पूरी गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।
Read More:
न बंदूक न चाकू… नागपुर SBI बैंक में अनोखी लूट, मिर्च पाउडर डालकर 4 लाख रूपये लेकर रफूचक्कर हुआ चोर

