उत्तराखंड के नैनीताल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को भारी बारिश के बीच हुए लैंडस्लाइड के कारण नैनीताल को हल्द्वानी और कालाढूंगी से जोड़ने वाले दोनों प्रमुख मार्ग बाधित हो गए हैं। इसके चलते नैनीताल का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर दो अलग-अलग स्थानों पर लैंडस्लाइड की चपेट में दो कारें आ गईं। हालांकि, गनीमत रही कि हादसों में किसी की जान नहीं गई। दो गांव और ज्योलीकोट के बीच हुए लैंडस्लाइड के बाद सड़क पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात रोकना पड़ा।
पहाड़ों में 141 सड़कें बंद
लगातार बारिश के चलते उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल समेत कई इलाकों में 141 सड़कें बंद हैं। इनमें बॉर्डर रोड, नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। पहाड़ों से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने के कारण कई जगह आवाजाही प्रभावित है। सड़कें खोलने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें काम कर रही हैं।
उफान पर नदी-नाले
भारी बारिश के कारण नदी-नाले और गधेरे भी उफान पर हैं। हल्द्वानी से होकर बहने वाली गौला नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह झरने फूट पड़े हैं और कई नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। बिगड़ते मौसम और लगातार भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें।
Read More


[…] नैनीताल में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड स… […]