दिल्ली-एनसीआर(Delhi-NCR) में मौसम का रुख एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। कई इलाकों में आसमान पर घने बादल छाए हैं जबकि नोएडा और गाजियाबाद में बारिश हो रही है। फरीदाबाद में भी बारिश के बाद लोगों को पिछले कुछ दिनों से जारी गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। हवा के साथ हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बनाया है।
राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिन में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई जिससे तापमान में थोड़ी नरमी आई और लोगों को गर्मी से राहत भी देखने को मिली। हालांकि, बारिश रुकने के बाद बढ़ी नमी के कारण उमस ने लोगों की परेशानी फिर बढ़ा दी। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हल्की बारिश से हुई शुरुआत
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होनी शुरु हो गई है। धीरे-धीरे बारिस के चलते कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने की संभावनाएं बनी हुई हैं लेकिन इसके बावजूद कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वातावरण में नमी 60 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण बारिश के बाद भी उमस महसूस हो सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
आपको बता दें कि मंगलवार से शनिवार तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। इस दौरान बादल कम रहेंगे और कई जगह धूप निकल सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR के लोगों को फिर से उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।