CM Yogi Raebareli Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचेंगे। इस दौरान वह जिले को अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसभा के जरिए सियासी संदेश भी दे सकते हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर रविवार देर शाम तक तैयारियां पूरी कर ली गईं और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।
हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे CM
मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद वह अमोल विहार जाएंगे, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनीमाधवबख्श सिंह के नाम पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे।
300 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात
इसके बाद मुख्यमंत्री फिरोज गांधी कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें करीब 300 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात भी जिले को मिलने की उम्मीद है।
दो घंटे कार्यक्रम स्थल पर रहेंगे योगी
फिरोज गांधी कॉलेज में मुख्यमंत्री के करीब दो घंटे रहने की बात कही जा रही है। हालांकि, रविवार देर शाम तक जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का विस्तृत लिखित कार्यक्रम जारी नहीं किया गया था। डीएम सरनीत कौर ब्रोका और एसपी रवि कुमार ने रविवार को कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
हेलीपैड से पार्किंग तक सुरक्षा व्यवस्था
अधिकारियों ने हेलीपैड, मंच, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, वीआईपी आवागमन और जनसुविधाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग भी कराई गई है।
विधानसभा चुनाव से पहले सियासी नजर
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी का रायबरेली दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने की तैयारी की गई है। विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ मुख्यमंत्री सरकार की उपलब्धियां गिना सकते हैं और जनता के बीच आगामी योजनाओं का संदेश दे सकते हैं। ऐसे में उनके भाषण में गांधी परिवार और रायबरेली की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी सबकी नजर रहेगी।
कई जिलों की पुलिस संभालेगी सुरक्षा
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए रायबरेली के अलावा कई अन्य जिलों से पुलिस बल बुलाया गया है। एसपी रवि कुमार के मुताबिक, हरदोई, लखनऊ, अंबेडकरनगर समेत अन्य जिलों की पुलिस को भी तैनात किया गया है। पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह के अनुसार, कैनाल रोड, जेल रोड और नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग तक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। मुख्यमंत्री का काफिला इन्हीं मार्गों से गुजरेगा। शहर के बाहर से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
Read More:
दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, बोले- लखनऊ मेरी तपोभूमि…

