ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुन्नी और शिया वक्फ बोर्ड में बड़े घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि वक्फ बोर्ड की सही दिशा में जांच हुई, तो राम मंदिर चढ़ावा चोरी से भी बहुत बड़ा घोटाला सामने आएगा। इन दिनों राम मंदिर चढ़ावा चोरी सुर्खियों में है, इस बीच बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा- राम मंदिर का घोटाला तो सिर्फ करोड़ों में है, जबकि वक्फ संपत्तियों का घोटाला अरबों खरबों में है।
सपा सरकार और वक्फ बोर्ड पर लगाए आरोप
मौलाना शहाबुद्दीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर दोनों वक्फ बोर्ड की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकारों के दौरान वक्फ जमीनों के नाजायज कारोबार और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी सजा की मांग की है।
उत्तर प्रदेश के बरेली से वक्फ बोर्ड को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि वक्फ बोर्ड में अरबों-खरबों रुपये के कथित घोटाले हुए हैं और वक्फ की संपत्तियों के प्रबंधन में बड़े स्तर पर अनियमितताएं बरती गई हैं।
सीएम योगी को पत्र लिखकर जांच की मांग
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड के कामकाज में लंबे समय से वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए, वक्फ संपत्तियों का ऑडिट कराया जाए और यदि किसी अधिकारी या पदाधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि वक्फ की आय का सही उपयोग गरीबों, शिक्षा और धार्मिक संस्थानों के विकास में होना चाहिए। जबकि, इन आरोपों पर संबंधित वक्फ बोर्ड की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Read More होर्मुज में UAE के तेल टैंकरों पर ईरान ने दागे क्रूज मिसाइल, हमले में 1 भारतीय नाविक की मौत, 8 घायल

