लखनऊ(Lucknow) के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी सचिन कुमार को उत्तर प्रदेश STF और PGI पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसे किसान पथ ओवरब्रिज के नीचे डलौना क्षेत्र से उस समय पकड़ा गया जब वह कथित तौर पर एक वकील से मिलने पहुंचा था। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 27 मई को पीजीआई क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पहले ही कथित मुख्य साजिशकर्ता सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी सचिन की तलाश तेज कर दी थी।
हत्या के समय बाइक चला रहा था सचिन
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह बाइक चला रहा था जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे आरोपी ने गोली चलाई थी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले कई बार इलाके की रेकी की गई थी और इसके लिए अलग से मोटरसाइकिल खरीदी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। जांच एजेंसियां हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों और पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।
अदालत में थी सरेंडर की तैयारी
पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सचिन लगातार अलग-अलग शहरों में छिपकर रह रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह अदालत में सरेंडर करने की तैयारी कर रहा था और इसी सिलसिले में वकील से मिलने लखनऊ आया था। फिलहाल आरोपी को संबंधित मुकदमे में न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।