राजस्थान दौरे पर PM मोदी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। राजस्थान में वे कई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सरकार के अनुसार, इस दौरे के दौरान करीब ₹1.06 लाख करोड़ की विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।
एयरपोर्ट टर्मिनल का करेंगे उद्घाटन
दौरे की शुरुआत जोधपुर से होगी, जहां प्रधानमंत्री ₹480 करोड़ की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यह आधुनिक टर्मिनल हर साल लगभग 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री संशोधित UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना की भी शुरुआत करेंगे, जिसका उद्देश्य देशभर में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत बनाना है।
पेट्रोलियम रिफाइनरी का करेंगे उद्घाटन
इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा के पचपदरा जायेंगे, जहां HPCL Rajasthan Refinery Limited (HRRL) की ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे। करीब ₹79,450 करोड़ की लागत से विकसित यह परियोजना भारत की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी मानी जा रही है। इसकी उत्पादन क्षमता 9 MMTPA होगी, जिससे ऊर्जा क्षेत्र और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
54 हजार युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला रखेंगे। साथ ही चूरू रेल दोहरीकरण, जोधपुर रिंग रोड, बीकानेर की सौर ऊर्जा परियोजनाओं और बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।
राजस्थान दौरे के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद जायेंगे, जहां CG Semi के OSAT (Outsourced Semiconductor Assembly and Test) प्लांट का उद्घाटन करेंगे। करीब ₹7,500 करोड़ के निवेश से तैयार यह संयंत्र भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को नई गति देगा। पूर्ण क्षमता पर यह संयंत्र हर वर्ष लगभग 5 अरब सेमीकंडक्टर चिप्स के असेंबली और परीक्षण में सक्षम होगा।
Read More अगले हफ्ते न्यूज़ीलैंड दौरे पर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, पीएम लक्सन ने की पुष्टि

