पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी नई सरकार ने अपने पहले बजट में सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में एकमुश्त 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों का DA बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगा।
1 अक्टूबर से लागू होगी नई दर
सरकार के मुताबिक बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 अक्टूबर से लागू होगा। फिलहाल राज्य में छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू हैं। चुनाव के दौरान BJP ने सातवें वेतन आयोग को लागू करने का वादा किया था, जिसके गठन को राज्य कैबिनेट पहले ही मंजूरी दे चुकी है।
कर्मचारियों की सैलरी पर कितना पड़ेगा असर?
फिलहाल 20 हजार रुपये बेसिक वेतन वाले कर्मचारियों को अभी 3,600 रुपये DA मिलता है, जो बढ़कर 7,600 रुपये हो जाएगा। यानी हर महीने 4,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। 30 हजार रुपये बेसिक वेतन वाले कर्मचारियों का DA बढ़कर 11,400 रुपये हो जाएगा, जो मौजूदा राशि से 6,000 रुपये ज्यादा है। 75 हजार रुपये बेसिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को अब 28,500 रुपये महंगाई भत्ता मिलेगा। इससे उन्हें हर महीने 15,000 रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा।
एक लाख सरकारी पदों पर होगी भर्ती
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से एक लाख रिक्त सरकारी पदों को भरेगी। इन भर्तियों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए रखा जाएगा।
CSE को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव
सरकार ने आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कलकत्ता स्टॉक एक्सचेंज को दोबारा सक्रिय करने का प्रस्ताव भी रखा है। वित्त मंत्री ने कहा कि इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में साल में दो बार संशोधन करती है। हाल ही में केंद्र ने 2 प्रतिशत DA बढ़ाया था, जिसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत हो गया है। अब कर्मचारियों की नजर जुलाई 2026 के अगले DA संशोधन पर टिकी हुई है।
Read More
लखनऊ के पुरनिया इलाके में दुकान में लगी भीषण आग, राहत कार्य में जुटीं दमकल और पुलिस की टीमें

