HomeBreaking Newsअमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर SOG की...

अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर SOG की नजर, संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी

आगामी अमरनाथ यात्रा(Amarnath Yatra) को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा तैयारियों को और मजबूत किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और यात्रा मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जम्मू शहर में विशेष निगरानी अभियान शुरू कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए जगह-जगह नाके स्थापित किए हैं और वाहनों व संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।

जम्मू शहर के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। इसी कड़ी में इंदिरा चौक क्षेत्र में SOG की टीम ने विशेष नाका लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। जवानों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तलाशी लेने के साथ ही संदिग्ध लगने वाले लोगों से पूछताछ की और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की।

इंदिरा चौक जम्मू का एक महत्वपूर्ण केंद्र

अगर इंदिरा चौक की बात की जाए तो यह जम्मू कश्मीर का एक विशेष व्यवसायिक केंद्र है जिसके आस-पास बस स्टैंड, हरि मार्केट, रघुनाथ बाजार और करण मार्केट जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाके मौजूद हैं। ये एक प्रमुख आवाजाही का केंद्र है जहां से बड़ी संख्या में लोग आना-जाना करते हैं और इससे कई प्रमुख मार्ग जुड़ते हैं। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के तहत ऐसे स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

वहीं पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अमरनाथ यात्रा की शुरुआत से पहले ही सभी तरह की व्यवस्थाओं को मजबूत करने का काम किया जा रही है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना इसका मुख्य उद्देश्य है।

SOG जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक विशेष इकाई

SOG जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक विशेष इकाई है जो आतंकवाद विरोधी अभियानों और संवेदनशील सुरक्षा अभियानों में अहम भूमिका निभाती रही है। यात्रा अवधि के दौरान यह इकाई सुरक्षा तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा रहती है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करती है।

इसके अलावा जम्मू पुलिस ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है। कई स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं, भगवती नगर स्थित अमरनाथ यात्रा आधार शिविर के आसपास पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त गश्त भी की जा रही है।

भगवती नगर से रवाना होते हैं श्रद्धालुओं के जत्थे

भगवती नगर आधार शिविर से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जत्थे आगे की यात्रा के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां यहां विशेष निगरानी रख रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी सुरक्षा उपायों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

यह भी पढ़ें : संरक्षित पशु तस्करी में अलीगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, पूर्व केंद्रीय मंत्री का भाई…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments