हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में माता शिकारी देवी मंदिर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार नेकचौक मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार देर रात करीब 12 बजे हुआ। दुर्घटना स्थल सुनसान इलाके में होने के कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। हादसे के बाद एक घायल युवक हिम्मत जुटाकर पैदल सड़क तक पहुंचा और वहां टेंट में सो रहे लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी।
देर रात शुरू हुआ राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना रात करीब एक बजे पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतकों के शव गहरी खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
700 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार हुई ऑल्टो कार में चार लोग सवार थे। कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान भूपेंद्र राज और हेत राम के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र के रहने वाले थे। वहीं घायलों की पहचान योगराज और पूर्णचंद के तौर पर हुई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम जंजैहली अस्पताल में कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Read More
NEET परीक्षा रद्द होने से टूटा सपना, लखीमपुर खीरी के छात्र ने की आत्महत्या

