दिल्ली(Delhi) से एक दिल को दहला देने वाली एक खूनी खबर सामने आई है। देर रात न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गौतम विहार इलाके में एक 16 साल के युवक की धारदार हथियार से हमला करके बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का महौल छा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐसा माना जा रहा है कि हमलावरों की संख्या तीन से चार थी।
उन्होंंने मौके का फायदा उठाकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद किशोर जमीन पर गिर पड़ा और उससे बहुत ज्यादा खून बहने लगा जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर की तुरंत अस्पताल पंहुचाया। इसके बाद इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
वारदात की गंभीरता को देखते हुए न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच टीम ने वहां से अहम सुराग और सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। शुरुआती जांच में मामला आपसी दुश्मनी या पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।