HomeBreaking NewsCM मान ने पेश किया 4 साल का रिपोर्ट कार्ड, खेलों को...

CM मान ने पेश किया 4 साल का रिपोर्ट कार्ड, खेलों को मिलेगी नई उड़ान, पंजाब करेगा एशिया हॉकी कप की मेजबानी…

पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान(CM Bhagwant Singh Mann) ने चंडीगढ़ में सरकार का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि चुनाव के समय जनता से किए गए अधिकांश वादों को सरकार ने पूरा किया है, वहीं कई ऐसे काम भी किए गए हैं जिनका जिक्र चुनावी घोषणा पत्र में भी नहीं था।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने ‘सीएम मान के साथ 4 साल’ शीर्षक वाली बुकलेट लॉन्च करके की। इसके बाद उन्होंने पिछले चार वर्षों में सरकार की उपलब्धियों और आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। CM मान ने याद दिलाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 117 में से 92 सीटों पर ऐतिहासिक जीत मिली थी और 16 मार्च 2022 को उन्होंने शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में शपथ लेकर सरकार की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान बिजली, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और खेल जैसे क्षेत्रों में कई बड़े फैसले लिए गए हैं।

मुफ्त बिजली योजना से शुरुआत

CM मान ने बताया कि राज्य में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के फैसले पर शुरुआत में विपक्ष ने कई सवाल उठाए थे, लेकिन सरकार ने जुलाई 2022 से ही इसे लागू कर दिया। उनके अनुसार आज लगभग 90 प्रतिशत परिवारों को इस योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि किसानों को दिन के समय आठ घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार

स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए CM मान ने कहा कि पंजाब में अब तक 881 आम आदमी क्लीनिक खोले जा चुके हैं और जल्द ही लगभग 200 नए क्लीनिक शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों पर लाखों लोग मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के माध्यम से भी हजारों मरीजों का उपचार कराया जा चुका है।

खेलों में बड़ी पहल

खेल क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि लंबे समय बाद पंजाब को एशिया कप हॉकी की मेजबानी मिली है। यह प्रतियोगिता जालंधर के बल्टन पार्क मैदान और मोहाली में आयोजित की जाएगी। उनके मुताबिक, इससे राज्य की समृद्ध खेल परंपरा को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इसके साथ ही CM मान ने अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया क्रिकेट स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सरकार खेल ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार निवेश कर रही है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रोजगार और उद्योग

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में करीब 65 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में निवेश आकर्षित करने के प्रयास भी किए गए हैं।

नशे के खिलाफ सख्त अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ सरकार ने कड़ा अभियान चलाया है। तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ उनकी संपत्तियां भी जब्त की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक राज्य से नशे की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती।

विपक्ष पर साधा निशाना

इस दौरान CM मान ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला।  उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बयान पर भी तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार न तो गैंगस्टरों को चुनाव में टिकट देती है और न ही उन्हें किसी क्षेत्र का प्रभारी बनाती है।

वहीं कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा पर भी गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। CM मान ने कहा कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पंजाब विकास और खेल दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बनाएगा।

यह भी पढ़ें : पंजाब में सड़क सुरक्षा फोर्स बनाई…कोयले की खान चालू कराई, 4 साल पूरे होने पर चंडीगढ़ प्रेस कॉन्फ्रेंस…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments