HomeBreaking Newsआंध्र प्रदेश में मिलावटी दूध ने मचाया मौत का तांडव, अब तक...

आंध्र प्रदेश में मिलावटी दूध ने मचाया मौत का तांडव, अब तक 13 लोगों की गई जान 

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी ज़िले में कथित तौर पर मिलावटी दूध पीने से बड़ा हादसा सामने आया है। इस घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सबसे पहले 22 फरवरी को सामने आया था। कई बुजुर्गों ने पेशाब न होने, उल्टी और तेज पेट दर्द की शिकायत की थी। जब उनकी मेडिकल जांच कराई गई तो किडनी से जुड़ी गंभीर समस्याएं सामने आईं और कुछ मरीजों को डायलिसिस की जरूरत बताई गई। इसके बाद जांच में मिलावटी दूध पीने की बात सामने आई।

जिला प्रशासन के अनुसार, दूध में मिलावट के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। वहीं 11 लोगों का इलाज राजामहेंद्रवरम के विभिन्न अस्पतालों में जारी है। फूड सेफ्टी विभाग ने बताया कि दूध के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें मिलावट की पुष्टि हुई है। प्रभावित लोगों के ब्लड और यूरिन टेस्ट में यूरिया और सीरम क्रिएटिनिन का स्तर सामान्य से काफी अधिक पाया गया, जिससे जहरीले या मिलावटी खाद्य पदार्थ के सेवन की आशंका मजबूत हुई।

प्रशासन ने डेयरी से बंद कराई दूध की सप्लाई

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोरुकोंडा मंडल क्षेत्र के एक गांव में स्थित वरलक्ष्मी मिल्क डेयरी से करीब 106 परिवारों को दूध की आपूर्ति की गई थी। जिन लोगों की तबीयत बिगड़ी, उन्होंने इसी दूध का सेवन किया था। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत उस डेयरी से दूध की सप्लाई बंद करवा दी। साथ ही डेयरी यूनिट से दूध, पनीर, घी और पीने के पानी के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।

प्रभावित इलाकों में लगे मेडिकल कैंप

स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में आपातकालीन मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस सेवाएं तैनात की गई हैं। इसके अलावा हालात पर नजर रखने के लिए एक रैपिड रिस्पॉन्स टीम भी गठित की गई है। जिला प्रशासन के मुताबिक, इस मामले में संदिग्ध दूध सप्लायर अडडाला गणेश्वरराव, जो नरसापुरम गांव का रहने वाला है, को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही संबंधित डेयरी यूनिट को सील कर दिया गया है। घटना के बाद आंध्र प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्य तेलंगाना में भी दूध और डेयरी उत्पादों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।

यह भी पढ़ें : इजरायली हमले में मारे गए ईरान के सभी शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments