Tuesday, February 10, 2026
HomeCurrent NewsJ&K : अखनूर में मिला ‘PIA’ के निशान वाला गुब्बारा, जांच में...

J&K : अखनूर में मिला ‘PIA’ के निशान वाला गुब्बारा, जांच में जुटी पुलिस

जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन पाकिस्तान से जुड़ा एक गुब्बारा मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को किश्तवाड़ में संदिग्ध गुब्बारा मिलने के बाद अब अखनूर क्षेत्र से पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा हुआ गुब्बारा बरामद किया गया है। यह गुब्बारा अखनूर के ठंडी चोई इलाके में मिला, जिस पर अंग्रेजी और उर्दू भाषा में ‘पीआईए’ लिखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

इससे एक दिन पहले, 31 जनवरी को किश्तवाड़ जिले के थकरेई क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक और संदिग्ध गुब्बारा देखा था। उस पर अंग्रेजी में The Pakistan Foundation College for Girls, Narowal और Annual Sports Day 2026 लिखा हुआ था। लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उस सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया।

आतंकरोधी अभियान के बीच हुई बरामदगी

पाकिस्तानी गुब्बारों की यह बरामदगी ऐसे समय में सामने आई है, जब जम्मू-कश्मीर में व्हाइट नाइट कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा एंटी टेरेरिस्ट ऑपरेशन ‘त्राशी-I’ चलाया जा रहा है। सेना के अधिकारियों के अनुसार, किश्तवाड़ के डोलगाम इलाके में आतंकियों के साथ दोबारा संपर्क स्थापित हुआ है। पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान जारी है।

किश्तवाड़ में सर्च ऑपरेशन तेज

सुरक्षाबलों ने किश्तवाड़ जिले के बर्फ से ढके इलाकों में रविवार को फिर से तलाशी अभियान शुरू किया। माना जा रहा है कि जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी शनिवार को हुई संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद इसी इलाके में छिपे हुए हैं। आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए ग्राम रक्षा गार्ड (VDG) को भी अलर्ट किया गया है।

आतंकियों की तलाश जारी

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रातभर इलाके की घेराबंदी के बाद सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया। आतंकवादी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं, जिससे उन्हें पकड़ने में कठिनाई हो रही है। सुरक्षा एजेंसियां न केवल आतंकियों की तलाश कर रही हैं, बल्कि उन्हें शरण या भोजन मुहैया कराने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यह अभियान पिछले कई दिनों से लगातार जारी है।

मुठभेड़ में आतंकी के घायल होने की आशंका

अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार तड़के डोलगाम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच फिर से मुठभेड़ हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान एक आतंकी घायल हुआ है। ड्रोन निगरानी के दौरान खून के धब्बे देखे जाने की भी सूचना मिली है। बीते दो हफ्तों में यह चौथी बार है जब इस क्षेत्र में आतंकियों से संपर्क हुआ है।

ड्रोन, हेलीकॉप्टर और स्निफर डॉग्स से निगरानी

छत्रू-डोलगाम-दिच्छर के दुर्गम और बर्फीले इलाकों में जारी इस अभियान में विशेष बल, राष्ट्रीय राइफल्स, विशेष अभियान समूह और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें तैनात हैं। ड्रोन और हेलीकॉप्टरों के जरिए हवाई निगरानी की जा रही है, जबकि शनिवार से खोजी कुत्तों को भी अभियान में शामिल किया गया है। सुरक्षा कारणों से सिंहपोरा, चिंगम और छत्रू क्षेत्र के करीब छह किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments