HomeBreaking Newsमहेंद्र सिंह धोनी ने IPL से लिया संन्यास, CSK ने सौंपी अब...

महेंद्र सिंह धोनी ने IPL से लिया संन्यास, CSK ने सौंपी अब नई जिम्मेदारी

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ महेंद्र सिंह धोनी का रिश्ता अब एक नए दौर में पहुंच गया है। IPL 2027 में माही मैदान पर पीली जर्सी पहनकर खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि टीम के मेंटर के तौर पर नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक तौर पर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने का ऐलान किया है। इसके साथ ही धोनी के IPL खिलाड़ी करियर का अंत हो गया है। करीब दो दशक तक CSK की पहचान रहे धोनी अब युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और टीम को भविष्य की चुनौतियों के लिए मजबूत बनाने में भूमिका निभाएंगे।

अब नई जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे माही

धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का साथ IPL के पहले सीजन यानी 2008 से शुरू हुआ था। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार IPL का खिताब जीता और कई यादगार मुकाबलों में अपनी छाप छोड़ी। अब फ्रेंचाइजी ने उनके अनुभव को टीम के साथ बनाए रखने के लिए मेंटर की भूमिका दी है। CSK के मालिक एन श्रीनिवासन ने धोनी के साथ अपने करीब दो दशक पुराने रिश्ते को याद किया। उन्होंने कहा, “महेंद्र सिंह धोनी के बिना CSK नहीं है।” श्रीनिवासन के मुताबिक, 2008 में धोनी को टीम से जोड़ने का फैसला उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक था। उन्होंने कहा कि धोनी सिर्फ अपनी उपलब्धियों के कारण नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व की वजह से भी फ्रेंचाइजी के लिए खास हैं। CSK हमेशा उनका घर रहेगा। टीम की मालिक रूपा गुरुनाथ ने भी धोनी को दुर्लभ प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि धोनी ने शुरुआत से ही टीम की नींव रखी और मैदान के अंदर तथा बाहर उनका योगदान आंकड़ों में नहीं मापा जा सकता। उनके मुताबिक, धोनी का अनुभव युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम साबित होगा।

244 मैचों में की CSK की कप्तानी

CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा कि धोनी की पहचान सिर्फ जीती गई ट्रॉफियों से नहीं होगी, बल्कि इस बात से भी होगी कि उन्होंने टीम को किस अंदाज में जीतना सिखाया। उन्होंने माना कि पीली जर्सी में धोनी को मैदान पर नहीं देख पाना प्रशंसकों के लिए भावुक पल होगा, लेकिन मेंटर के तौर पर उनका साथ मिलना टीम के लिए बड़ी ताकत है। धोनी ने 2008 से 2025 तक CSK की कप्तानी करते हुए 244 मैचों में टीम का नेतृत्व किया। इनमें 145 मुकाबलों में टीम को जीत मिली, 96 में हार का सामना करना पड़ा, एक मैच टाई रहा और दो बेनतीजा रहे। उनका जीत प्रतिशत 59.42 रहा। उनकी कप्तानी में चेन्नई पांच बार IPL चैंपियन बनी।

रिकॉर्ड्स के बादशाह हैं धोनी

धोनी की उपलब्धियां IPL तक सीमित नहीं हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई। वह तीनों प्रमुख ICC ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट में 4,876 रन, 350 वनडे में 10,773 रन और 98 टी20 इंटरनेशनल में 1,617 रन बनाए। उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 332 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की। इस दौरान टीम ने 178 मुकाबले जीते, 120 हारे, छह मैच टाई रहे और 15 ड्रॉ हुए। विकेटकीपिंग में भी धोनी का रिकॉर्ड बेहद खास है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में कुल 195 स्टंपिंग कीं और 829 शिकार किए। वनडे में विकेटकीपर के तौर पर उनका सर्वोच्च स्कोर 183 नाबाद है, जो उन्होंने 31 अक्टूबर 2005 को जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था।

Read More

फिलीपींस में PM मोदी का दिखा खास अंदाज! ‘बारोंग तागालोग’ पहन मनीला गाला डिनर में पहुंचे, जानें इसकी खासियत

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments