समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान(Azam Khan) और उनके परिवार के लिए सुप्रीम कोर्ट से राहत भरी खबर आई है। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली राहत को बरकरार रखा है। इसके साथ ही उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है।
यह मामला अब्दुल्ला आजम खान के दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र बनवाने से जुड़ा है। आरोप था कि उनके नाम पर जारी एक प्रमाण पत्र में जन्मस्थान रामपुर और दूसरे में लखनऊ दर्ज था। शिकायत के मुताबिक, इन दस्तावेजों का इस्तेमाल चुनावी लाभ हासिल करने के उद्देश्य से किया गया था। इस मामले में रामपुर की निचली अदालत ने आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी करार दिया था। अदालत ने तीनों को सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी।
हाईकोर्ट से भी मिली थी आजम खान को राहत
मई 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि और सजा पर रोक लगा दी थी। हालांकि, उस समय उनकी पत्नी और बेटे को इस तरह की राहत नहीं मिली थी।
इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आजम खान को मिली राहत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। वहीं, तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम ने भी हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
अभी खत्म नहीं हुआ है कानूनी मामला
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से आजम खान और उनके परिवार को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले का पूरी तरह निपटारा हो गया है।
इस मामले से जुड़ी मुख्य अपीलें अभी इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित हैं। ऐसे में अंतिम फैसला आना बाकी है। सुप्रीम कोर्ट का मौजूदा आदेश संबंधित अपीलों तक सीमित है।