HomeBreaking Newsचंडीगढ़ में छात्र हत्याकांड के शूटर का एनकाउंटर, सगे भाई ने रची...

चंडीगढ़ में छात्र हत्याकांड के शूटर का एनकाउंटर, सगे भाई ने रची थी हत्या की साजिश! गैंगस्टर लक्की पटियाल से जुड़ा कनेक्शन

Chandigarh Naitik Khandelwal Murder Case: चंडीगढ़ में 17 वर्षीय नैतिक खंडेलवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने शूटर मनमीत मेहर उर्फ मन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-50 के जंगल में हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में चली गोली उसके पैर में लगी। पुलिस के मुताबिक, नैतिक की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी और इसमें उसके साथ पढ़ने वाले अर्श मेहर की भूमिका सामने आई है।

पुलिस पर गोली चलाने का आरोप

चंडीगढ़ ऑपरेशन सेल के डीएसपी रनजोत सिंह के मुताबिक, अर्श मेहर और उसके भाई मनमीत मेहर उर्फ मन को शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। शनिवार सुबह इंस्पेक्टर सेखों के नेतृत्व में पुलिस दोनों आरोपियों को सेक्टर-50 के जंगल में हथियार बरामद करने के लिए लेकर पहुंची थी। अर्श ने अपनी छिपाई पिस्टल की जगह बताई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई ASI की जान

पुलिस के अनुसार, दूसरी पिस्टल बरामद करते समय मनमीत ने छिपाई हुई पिस्टल उठा ली और पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली एएसआई प्रदीप की छाती पर लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने जवाब में दो गोलियां चलाईं, जबकि आरोपी की ओर से एक गोली चली। इसी दौरान मनमीत के पैर में गोली लगी।

मारपीट का वीडियो वायरल होने से शुरू हुई रंजिश

जांच के अनुसार, नैतिक खंडेलवाल वीरवार रात अपने दोस्त के साथ सेक्टर-44 में घूम रहा था। वहां सेक्टर-43 निवासी एक नाबालिग और उसके साथी अर्श मेहर से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि नैतिक और उसके साथी ने नाबालिग से मारपीट की और उसका वीडियो बना लिया। इस दौरान अर्श के साथ भी मारपीट हुई। बाद में नैतिक ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया।

बदला लेने के लिए खरड़ से भाई को बुलाया

पुलिस के मुताबिक, वीडियो वायरल होने से नाराज अर्श ने बदला लेने के लिए खरड़ से अपने बड़े भाई मनमीत सिंह को बुलाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनमीत पंजाब इंटेलिजेंस विंग में तैनात एक पुलिसकर्मी का बेटा है और उसे बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क का शूटर बताया जा रहा है।

सेक्टर-22 में नैतिक का किया इंतजार

आरोप है कि नाबालिग, अर्श और मनमीत बुलेट मोटरसाइकिल से सेक्टर-22 स्थित सनातन धर्म मंदिर के बाहर पहुंचे। यह जगह नैतिक के घर के पास थी। तीनों वहां नैतिक का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में वहां पहुंचा।

ऑटो पर हुई फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को देखते ही नैतिक ने ऑटो चालक सिकंदर से गाड़ी भगाने को कहा। इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई। एक गोली नैतिक की छाती में लगी, जबकि दूसरी गोली ऑटो चालक सिकंदर के कंधे को छूकर निकल गई। नैतिक ऑटो से उतरकर कुछ दूर गया और फिर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस को सुपारी देकर हत्या कराने का शक

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नैतिक की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। जांच में विदेश में बैठे गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने हत्या की साजिश में मनमीत का नाम सामने आने की बात कही है।

मोहाली की फायरिंग में भी सामने आया मनमीत का नाम

जांच एजेंसियां मनमीत की पिछली गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, उसका नाम मोहाली में सेक्टर-67 के सामने स्थित हेडमास्टर सैलून पर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आया था। इस मामले में उसकी भूमिका की जांच जारी है।

छात्र की हत्या से गैंगस्टर कनेक्शन तक पहुंची जांच

सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल के पूर्व छात्र नैतिक खंडेलवाल की हत्या की शुरुआत एक स्थानीय रंजिश से हुई, लेकिन पुलिस जांच में मामला कथित तौर पर सुपारी हत्या और गैंगस्टर नेटवर्क तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब हत्या की साजिश, हथियारों के स्रोत और लक्की पटियाल नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों की कड़ियां जोड़ रही है।

Read More:

पंजाब सरकार ने युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए 40 कॉलेजों में ‘संगत’ मानसिक स्वास्थ्य क्लब किए शुरू

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments