भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जूनियर सेलेक्शन कमेटी को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। हाल ही में सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी में रमेश पोवार की एंट्री के बाद प्रज्ञान ओझा को चीफ बनाया गया था, जिसके तुरंत बाद अब जूनियर चयन समिति की कमान भी अवाना के हाथों में सौंप दी गई है।
नई चयन समिति के बाकी सदस्य
क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (CAC) ने उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद इस नई समिति पर मुहर लगाई। 40 वर्षीय परविंदर अवाना के साथ कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन अर्जुन यादव को नए चयनकर्ताओं के रूप में शामिल किया गया है। बोर्ड की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस पांच सदस्यीय चयन समिति में एक और सदस्य की घोषणा जल्द की जाएगी।
संघर्षों से भरा रहा अवाना का सफर
परविंदर अवाना की सफलता की कहानी प्रेरणादायक है। उत्तर प्रदेश के नोएडा के रहने वाले अवाना ने महज 14 साल की उम्र में अपने पिता को खो दिया था। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी और उनकी मां ने नोएडा अथॉरिटी में माली का काम करके उनका भरण-पोषण किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मां ने अपने बेटे के सपने को टूटने नहीं दिया और उन्हें एक सफल क्रिकेटर बनाया।
अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट का अनुभव
अवाना का अंतर्राष्ट्रीय करियर भले ही छोटा रहा हो, जहां उन्होंने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ 2 टी20 मैच खेले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड काफी दमदार रहा है। उन्होंने दिल्ली के लिए 62 फर्स्ट क्लास मैचों में 191 विकेट हासिल किए। इसके अलावा वे आईपीएल में 2012 से 2014 के दौरान पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे और 33 मैचों में 39 विकेट चटकाए। खेल से संन्यास लेने के बाद वे दिल्ली की जूनियर टीमों (अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23) के कोच भी रहे।
READ MORE: WhatsApp और Telegram यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव! 1 जनवरी से बंद हो सकते हैं अकाउंट, तुरंत करें ये काम

