साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रणबाली’(Ranabali) को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले दोनों कलाकारों की एक खास मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है। सोमवार को रश्मिका और विजय देवरकोंडा ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता थलपति विजय से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई।
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने थलपति विजय के साथ हुई मुलाकात को यादगार बताया। दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उनके प्रति अपना सम्मान और प्रशंसा जाहिर की। थलपति विजय ने हाल ही में सिनेमा की दुनिया से राजनीति में कदम रखते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली है। ऐसे में फिल्मी सितारों के साथ उनकी मुलाकात को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है।
तिरुमाला मंदिर में किए भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन
थलपति विजय से मुलाकात के अगले दिन, मंगलवार को रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस दौरान रश्मिका पारंपरिक साड़ी में नजर आईं, जबकि विजय देवरकोंडा भी पारंपरिक कपड़ों में दिखाई दिए।
मंदिर में दर्शन के दौरान काफी भीड़ मौजूद थी। इस बीच विजय देवरकोंडा अपनी पत्नी रश्मिका का ध्यान रखते नजर आए। उनकी इस छोटी-सी बात को फैंस पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर दोनों की तारीफ कर रहे हैं।
‘रणबाली’ के सामने होगी ‘जेलर 2’ की चुनौती
फिल्म ‘रणबाली’ की रिलीज से पहले ही इसे लेकर चर्चाएं जारी हैं। फिल्म को सिनेमाघरों में रजनीकांत की तमिल फिल्म ‘जेलर 2’ से मुकाबला करना होगा। इससे पहले विजय देवरकोंडा ने दावा किया था कि उनकी फिल्म के खिलाफ जानबूझकर नकारात्मक प्रचार किया जा रहा है। अब रिलीज से पहले दोनों सितारों की गतिविधियों और फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है।