जालंधर(Jalandhar) के बस्ती पीरदार रोड स्थित मोदी मैट्रस फैक्ट्री में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 30 कर्मचारी मौजूद थे। सुबह लगभग 9 बजे आसपास के लोगों ने यूनिट से धुआं निकलते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग फैलती देख कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में केमिकल मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। इसी वजह से दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग लगने की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। हादसे में केशव नाम के एक व्यक्ति के मुताबिक, एक व्यक्ति आग की चपेट में आकर घायल हुआ जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आग की लपटें आसपास के घरों तक भी पहुंच गईं। इस दौरान फैक्ट्री का एक लैंटर भी गिर गया जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
रिहायशी इलाके से फैक्ट्री हटाने की मांग
स्थानीय लोगों ने रिहायशी क्षेत्र में चल रही फैक्ट्री को लेकर चिंता जताई है। केशव ने प्रशासन से मांग की कि ऐसी फैक्ट्रियों को आबादी वाले इलाकों से बाहर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने बताया कि करीब 10 साल पहले भी इलाके में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना हो चुकी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले फैक्ट्री कर्मियों की ओर से कहा गया था कि यूनिट को इलाके से बाहर ले जाया जाएगा और यहां केवल गोदाम रखा जाएगा। हालांकि, वर्तमान में भी यहां गद्दे बनाने का काम जारी है। केशव का दावा है कि फैक्ट्री में बड़ी संख्या में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर भी रखे हुए हैं जिससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
[…] जालंधर की केमिकल फैक्ट्री बनी आग का गो… […]
[…] जालंधर की केमिकल फैक्ट्री बनी आग का गो… […]