HomeBreaking Newsमिडिल ईस्ट में भड़की एक और जंग! यमन के हूती विद्रोहियों ने...

मिडिल ईस्ट में भड़की एक और जंग! यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा एयरपोर्ट पर मिसाइलों और ड्रोन से किया हमला

Attacks on Abha Airport in Saudi Arabia: ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने का दावा किया है। हूतियों ने कहा कि यह हमला यमन की राजधानी सना एयरपोर्ट पर हुए हवाई हमले के जवाब में किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने सभी एयरलाइंस को सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर से उड़ान नहीं भरने की चेतावनी भी दी है। इस घटना के बाद पश्चिम एशिया में एक बार फिर बड़ी जंग की आशंका बढ़ गई है।

मिसाइल और ड्रोन से हमले का दावा

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सूरी ने कहा कि आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक सना हवाई अड्डे पर लगाए गए प्रतिबंध नहीं हटाए जाते, तब तक एयरलाइंस को उनकी चेतावनी को गंभीरता से लेना चाहिए और सऊदी एयरस्पेस के ऊपर से उड़ान भरने से बचना चाहिए।

सना एयरपोर्ट हमले के बाद बढ़ा विवाद

हूतियों और सऊदी अरब के बीच ताजा तनाव की शुरुआत सना हवाई अड्डे पर हुए हवाई हमले के बाद हुई। इस हमले की जिम्मेदारी यमन की सऊदी समर्थित सरकार ने ली है। यमन की राजधानी सना और देश के बड़े हिस्से पर हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है, जबकि बाकी इलाकों पर अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सऊदी समर्थित सरकार का कब्जा है।

ईरानी विमान को लेकर लगाया आरोप

यमन की सऊदी समर्थित सरकार का कहना है कि उसकी सेनाओं ने एक ईरानी विमान को उतरने से रोकने के लिए सना हवाई अड्डे पर हमला किया। सरकार के मुताबिक, उस विमान में हूती प्रतिनिधिमंडल सवार था, जो ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद लौट रहा था। यमन के रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया कि हूतियों ने ईरानी विमान को देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने की अनुमति दी थी, इसलिए सना एयरपोर्ट के रनवे को निशाना बनाया गया।

चार साल की शांति पर संकट

ताजा हमलों के बाद सऊदी अरब और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच पिछले चार वर्षों से बनी शांत स्थिति पर खतरा मंडराने लगा है। मार्च 2022 में सऊदी ऊर्जा ढांचे पर हुए हूती हमलों के बाद दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम लागू हुआ था। आधिकारिक रूप से उसकी अवधि समाप्त होने के बावजूद अब तक काफी हद तक शांति बनी हुई थी। इसके बाद सऊदी अरब के खिलाफ हूतियों का यह पहला हमला बताया जा रहा है।

ट्रंप ने दिया MBS को समर्थन

इस बीच अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब को अपना समर्थन दिया है। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने हूती ठिकानों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने से पहले ट्रंप से मदद मांगी थी, जिस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने समर्थन देने की सहमति जताई थी।

Read More:

भारत ने UN सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्यता के लिए शुरू किया अभियान, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सुधार की उठाई मांग

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments