Weather Update: उत्तर-पश्चिम भारत, राजस्थान और गुजरात में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून 20 जुलाई से दोबारा रफ्तार पकड़ सकता है। IMD के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में बारिश तेज होने की संभावना है।
18 राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 जुलाई के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, सिक्किम और हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। दूसरी ओर राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और पाकिस्तान से लगे गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
यूपी में 22 जिलों में बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में मंगलवार के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें आठ जिलों में बहुत तेज और पांच जिलों में कुछ कम बारिश होने की आशंका है। हाल के दिनों में गोरखपुर में 168 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। राज्य में 1 जून से अब तक 158.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 17 प्रतिशत कम है।
बिहार में भी सामान्य से कम बारिश
बिहार के 27 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि इस मानसून सीजन में अब तक राज्य में सामान्य से 47 % कम बारिश दर्ज की गई है।
छत्तीसगढ़ में लगातार एक्टिव है मानसून
छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार एक्टिव बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर समेत राज्य के उत्तरी हिस्से के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राज्य में इस सीजन में अब तक 252.4 मिमी वर्षा हुई है, जबकि सामान्य औसत 320.6 मिमी है। यानी अब तक करीब 21% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
उत्तराखंड में बारिश से बढ़ीं दिक्कतें
लगातार हो रही बारिश के चलते उत्तराखंड में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से ऋषिकेश-यमुनोत्री हाईवे सहित दो राष्ट्रीय राजमार्ग और 126 अन्य सड़कें बंद हो गई हैं। विकासनगर में लखवाड़ प्रोजेक्ट के पास भारी मलबा गिरने से कई मशीनें दब गईं। हालात को देखते हुए केदारनाथ यात्रा को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था।
राजस्थान में बारिश के आसार कम
राजस्थान में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज बारिश की संभावना कम है। बीकानेर और जोधपुर संभाग में मौसम शुष्क रहेगा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधियां चल सकती हैं। हालांकि 14 और 15 जुलाई को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में अगले पांच से छह दिनों तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
Read More:

