लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अमेरिका, कनाडा और यूरोप के कई देशों में कार्रवाई तेज हो गई है। अमेरिका के न्याय विभाग (DoJ) ने गैंग के कई सदस्यों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अभी तक 24 संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में बिश्नोई गैंग के सदस्य गरिंदर देव को फ्रांस से गिरफ्तार किया गया है। उस पर कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल होने का आरोप है।
अमेरिकी आरोपपत्र में गरिंदर देव का नाम शामिल
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, 40 वर्षीय गरिंदर देव को फ्रांस में गिरफ्तार किया गया और अब उसे प्रत्यर्पण के जरिए कनाडा लाया जाएगा। उसका नाम अमेरिका के न्याय विभाग के आरोपपत्र में भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह ‘रिट्ज कार्लटन’, ‘रॉकेट’ और ‘डॉक्टर’ जैसे उपनामों से भी जाना जाता है।
ड्रग तस्करी और फायरिंग केस में जांच जारी
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, गरिंदर देव पर जून 2025 में 100 किलोग्राम कोकीन और एक किलोग्राम हेरोइन की खेप कैलिफोर्निया और अमेरिका के पूर्वी हिस्से तक पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप है। हालांकि, जांच एजेंसियों ने इस खेप को पहले ही जब्त कर लिया था। वहीं, कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग मामले में दूसरे आरोपी जशनदीप सिंह को कनाडा से डिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है। उस पर घटना में इस्तेमाल हथियार को छिपाने में मदद करने का आरोप है।
कई देशों में फैला है गैंग का नेटवर्क
अमेरिकी जांच में सामने आया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग डिसेंट्रलाइज्ड तरीके से काम करता है। रिपोर्ट के अनुसार, इसके सदस्य अलग-अलग देशों में रहकर गतिविधियों का संचालन करते हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि शूटरों की भर्ती हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के गांवों से की जाती है और बाद में उन्हें विभिन्न देशों में भेजा जाता है। अमेरिका के न्याय विभाग ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अलावा दो अन्य भारतीय गिरोहों के खिलाफ भी आरोपपत्र दाखिल किया है। विभाग के अनुसार, आरोपपत्र में शामिल 36 लोगों में से 25 को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 11 अन्य की तलाश जारी है।
Read More

