Tamil Nadu CM Vijay Thalapathy Oath Ceremony: तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय (थलापति विजय) ने रविवार को तमिलनाडु के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है। थलापति विजय के साथ कुल 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण के साथ ही तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हो गई।
पहली बार गैर-द्रविड़ दल की बनी सरकार
तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी गैर-द्रविड़ दल की सरकार सत्ता में आई है। ऐसा 60 सालों बाद हुआ है। विजय की पार्टी TVK की सरकार बनने के साथ ही DMK और AIADMK के दशकों पुराने राजनीतिक वर्चस्व का अंत हो गया। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह बदलाव राज्य की राजनीति में बड़े जनादेश और नई राजनीतिक सोच का संकेत माना जा रहा है।
विजय कैबिनेट में 9 मंत्रियों ने ली शपथ
राज्यपाल आर्लेकर ने विजय के मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलाई। नए मंत्रिमंडल में बुस्सी एन आनंद, आधव अर्जुन, के ए सेंगोट्टैयन, एस कीर्तना, के जी अरुणराज, पी वेंकटरमणन, सी टी आर निर्मल कुमार, ए राजमोहन और के टी प्रभु शामिल हैं। एस कीर्तना मंत्रिमंडल की एकमात्र महिला मंत्री बनी हैं।
वीसीके और IUML के समर्थन से मजबूत हुई सरकार
मुख्यमंत्री बनने से पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात कर वीसीके (विदुथलाई चिरूथईगल काची) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के समर्थन पत्र सौंपे थे। दोनों दलों के पास दो-दो विधायक हैं। इन दलों के समर्थन के बाद 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK और सहयोगी दलों की कुल संख्या 120 तक पहुंच गई, जिससे सरकार को बहुमत का आंकड़ा हासिल हो गया।
राज्यपाल ने एक घंटे तक की थी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने समर्थन पत्र मिलने के बाद विजय से करीब एक घंटे तक बातचीत की थी। इसके बाद संवैधानिक प्रावधानों के तहत उन्हें सरकार बनाने का निमंत्रण दिया गया और मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।
13 मई तक फ्लोर टेस्ट की तैयारी
राज्यपाल ने विजय सरकार को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत साबित करने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि नई सरकार जल्द ही सदन में बहुमत परीक्षण का सामना करेगी। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए, जिससे इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय राजनीतिक महत्व भी मिला।
Read More:
योगी कैबिनेट में आज होगा बड़ा विस्तार, इन 6 नए चेहरों को मिल सकता है प्रवेश
