HomeBreaking NewsPM मोदी का आज दक्षिण दौरा, कर्नाटक और तेलंगाना को देंगे ₹9400...

PM मोदी का आज दक्षिण दौरा, कर्नाटक और तेलंगाना को देंगे ₹9400 करोड़ परियोजनाओं की सौगात

PM Modi Karnataka and Telangana Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग की 45वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और बाद में हैदराबाद पहुंचकर करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय और प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के मुताबिक, यह दौरा बुनियादी ढांचे, उद्योग, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी को मजबूती देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

क्या रहेगा PM मोदी का शेड्यूल?

PIB के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर पहुंचेंगे। यहां वह संगठन की 45वीं सालगिरह और संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद पीएम मोदी दोपहर करीब 3 बजे हैदराबाद में आयोजित एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।

मंदिर का करेंगे उद्घाटन

गुरुदेव श्री श्री रविशंकर द्वारा 1981 में स्थापित आर्ट ऑफ लिविंग आज 182 देशों में सक्रिय संगठन बन चुका है। बेंगलुरु कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री संगठन के नए ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे। यह जगह मानसिक शांति और अच्छे स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के मोटिव से तैयार की गई है। इसके साथ ही पीएम मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक बदलाव से जुड़ी कई सेवा पहलों की भी शुरुआत करेंगे।

इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर रहेगा फोकस

हैदराबाद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कई बड़े प्रोजेक्ट्स की नींव रखेंगे। इन प्रोजेक्ट्स का मोटिव तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देना है। पीएम मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को फोर लेन बनाने की परियोजना का शिलान्यास करेंगे। 3,175 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली यह परियोजना गुडेबेलूर से महबूबनगर तक विकसित की जाएगी, जिससे हैदराबाद और पणजी आर्थिक गलियारे में यात्रा समय करीब डेढ़ घंटे कम होने की उम्मीद है।

जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

प्रधानमंत्री संगारेड्डी जिले में जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के तहत हैदराबाद-नागपुर औद्योगिक गलियारे का हिस्सा है। करीब 3,245 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट पर 2,350 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। सरकार को उम्मीद है कि इससे लगभग 10,000 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे।

टेक्सटाइल और रेलवे सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

पीएम मोदी वारंगल में पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन करेंगे, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है। करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना का मकसद भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को मजबूत करना और केंद्र के 5F विजन ‘फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन टू फॉरेन’ को आगे बढ़ाना है।

रेलवे परियोजनाएं भी राष्ट्र को करेंगे समर्पित 

इसके अलावा प्रधानमंत्री करीब 1,535 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें 118 किलोमीटर लंबी काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी ट्रैकिंग परियोजना और काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास शामिल हैं। इनसे रेलवे परिचालन में सुधार और ट्रेनों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

पेट्रोलियम और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़े प्रोजेक्ट

प्रधानमंत्री हैदराबाद में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मलकापुर पेट्रोलियम टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 600 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली यह परियोजना पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और आपूर्ति क्षमता को मजबूत करेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में पीएम मोदी सिंधु अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। यह कैंसर उपचार पर केंद्रित मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी गैर-लाभकारी अस्पताल है। 21 लाख वर्ग फुट में फैले इस अस्पताल में 1,500 बेड, 29 ऑपरेशन थिएटर और 33 से अधिक सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Read More:

आज श्री मुक्तसर साहिब जाएंगे CM भगवंत सिंह मान, गांव साहिब चंद में लोगों से करेंगे संवाद

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments