देहरादून पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने कांग्रेस नेताओं को ठगा था। आरोपी गौरव कुमार अमृतसर का रहने वाला है। वह राहुल गांधी का पर्सनल असिस्टेंट (PA) बनकर अपनी ठगी को अंजाम देता था। आरोपी ने उत्तराखंड की कांग्रेस नेता भावना पांडे से ₹25 लाख की ठगी की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
टिकट और ऊंचे पदों का लालच देकर की ठगी
रिपोर्ट्स के अनुसार, शातिर गौरव कुमार ने पूरे देश में कांग्रेस नेताओं को अपना निशाना बनाया। वह उन्हें चुनाव का टिकट दिलाने या पार्टी में ऊंचे पद दिलवाने के झूठे वादे करके ठगता था। भावना पांडे का भरोसा जीतने के लिए उसने फोन पर कुछ लोगों से बात भी करवाई, जिन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का रूप धारण कर रखा था। आरोपी ने होटल के बिल चुकाने के बहाने भावना से ₹25 लाख नकद मांगे। पैसे मिलते ही उसने भावना के फोन उठाना बंद कर दिया।
कई राज्यों तक फैला था नेटवर्क
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी गूगल का इस्तेमाल करके नेताओं के बारे में जानकारी जुटाता था। उत्तराखंड के अलावा, उसने गोवा, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे अन्य राज्यों में भी कई नेताओं को ठगा है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है, ताकि भविष्य में कोई और व्यक्ति इस तरह की ठगी का शिकार न बने।
READ MORE: चुनावी नतीजों के बाद बंगाल में भड़की हिंसा की आग… कहीं चला बुलडोजर तो कहीं सुरक्षाबलों पर फायरिंग

