देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों(Delhi-NCR Weather) में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को अब बादलों, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश के बीच राहत महसूस हो रही है।
गुरुवार तक जहां चिलचिलाती धूप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था, वहीं अब आसमान में धूल और बादलों की परत छा गई है। कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।
पहले ही जारी था अलर्ट
India Meteorological Department (IMD) ने पहले ही ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग की यह भविष्यवाणी अब सही साबित होती दिख रही है।
गुरुवार सुबह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दिन में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान था। ऐसे में अचानक आई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है।
क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे राजस्थान और पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्सों में बना ‘प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण’ जिम्मेदार है। इसी सिस्टम के चलते धूल के कण दिल्ली-एनसीआर की ओर आए, जिससे धूलभरी धुंध छा गई और वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हुई। फिलहाल, बदलते मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं धूल और प्रदूषण ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।