बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट और यूट्यूबर UK 07 राइडर उर्फ़ अनुराग डोभाल(Anurag Dobhal) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। कुछ दिन पहले कार हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अनुराग अब आईसीयू से बाहर आ चुके हैं। यह जानकारी उनके मैनेजर रोहित पांडे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी। जैसे ही यह अपडेट सामने आया, अनुराग के फैंस ने राहत की सांस ली और उनके जल्दी ठीक होने की कामना की।
हादसे के बाद स्थिति में सुधार
दरअसल, 7 मार्च को अनुराग डोभाल इंस्टाग्राम लाइव कर रहे थे, तभी उनकी कार का हादसा हो गया। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर मानते हुए उन्हें ICU में रखा। अब, एक नई तस्वीर सामने आई है जिसमें अनुराग बेड पर लेटे हुए मुस्कुरा रहे हैं।
उनके मैनेजर रोहित पांडे ने फोटो के साथ कैप्शन में लिखा, “अनुराग भाई अब आईसीयू से बाहर आ चुके हैं। हम 24 घंटे उनके साथ हैं। कृपया उनकी जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें।” हालांकि, बताया गया कि हादसे में अनुराग को कुछ फ्रैक्चर भी आए थे, लेकिन अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
फैमिली विवाद के बीच हादसा
हादसे से पहले अनुराग डोभाल का नाम एक बड़े विवाद में भी आया था। उन्होंने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था कि उनकी इंटरफेथ शादी को लेकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। साथ ही, उनकी पत्नी रितिका भी उन्हें छोड़कर जा चुकी हैं। अनुराग ने एक भावुक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने खुद को बेहद अकेला बताया था।
इसके बाद उनके भाई कलम डोभाल ने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताते हुए कहा था कि अनुराग सिर्फ ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। इसके कुछ समय बाद ही, अनुराग तेज रफ्तार में अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी चला रहे थे और उसी दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर उनका हादसा हो गया। फिलहाल, वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनके फैंस उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।