Advertisement
जालंधर से जंडू सिंघा की ओर जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। देर रात करीब साढ़े 11 बजे युवक की बाइक पुल के पिलर के लिए खोदे गए करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। बताया जा रहा है कि अंधेरे और सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण युवक को गड्ढा दिखाई नहीं दिया।
रातभर गड्ढे में रहा युवक
लोगों के अनुसार, हादसे के समय पास में कुछ मजदूर सो रहे थे। उन्हें गिरने की आवाज भी सुनाई दी, लेकिन उन्होंने यह सोचकर ध्यान नहीं दिया कि युवक खुद ही निकल गया होगा। युवक कई घंटों तक गड्ढे में पड़ा रहा और आखिरकार उसकी मौत हो गई। सुबह करीब 5 बजे जब पास के दुकानदार ने दुकान खोली तो उसकी नजर गड्ढे में गिरी बाइक पर पड़ी। झांककर देखने पर अंदर युवक का शव मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
मृतक युवक के पास से हेडफोन और बाइक की चाबियां मिलीं, लेकिन उसका मोबाइल फोन और पर्स गायब थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने लूटपाट की आशंका भी जताई है। कुछ लोगों का कहना है कि घायल युवक की मदद करने के बजाय किसी ने उसका कीमती सामान चोरी कर लिया। समय रहते एंबुलेंस को सूचना दी जाती तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
अधूरी बेरिकेडिंग बनी हादसे की वजह
घटनास्थल पर पुल निर्माण का काम चल रहा था, लेकिन वहां न तो पर्याप्त रोशनी थी और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। गड्ढे के आसपास केवल मिट्टी डालकर औपचारिक बेरिकेडिंग की गई थी। स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
Read More














