पंजाब में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा- प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस ने 4 लोगों को पकड़ा, तीन करोड़ रुपये नकद बरामद किए

दिल्ली पुलिस ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली में झरेरा फ्लाईओवर से चार लोगों को हिरासत में लिया और उनके पास से करीब तीन करोड़ रुपये की नकदी बरामद की। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है।

दिल्ली मेट्रो के आईटीओ और लोक कल्याण मार्ग स्टेशन यात्रियों के लिए दोबारा खोले गए

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर बंद किए गए आईटीओ और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन को एक दिन बाद शनिवार को यात्रियों के लिए पुन: खोल दिया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आईटीओ मेट्रो स्टेशन और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन अब प्रवेश/निकास के लिए खुले हैं।’’

डीएमआरसी ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि दोनों स्टेशन अगली सूचना तक बंद रहेंगे।

यह कदम आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर उठाया गया था।

PM Modi ने मॉस्को आतंकी हमले की निंदा की, कहा- ‘भारत इस दुख की घड़ी में रूस के साथ’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस की राजधानी मॉस्को में हुए आतकंवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि भारत दुख की इस घड़ी में रूस सरकार और उसके लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रायपुर में ‘आप’ का विरोध प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी (आप) की छत्तीसगढ़ इकाई ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया।

पार्टी के लगभग 100 नेता और कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और राष्ट्रीय ध्वज लेकर शहर के आंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई की सचिव प्रियंका शुक्ला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा, ‘‘वे ‘एक राष्ट्र, एक पार्टी’ चाहते हैं। वह एक तानाशाह की तरह सरकार चलाना चाहते हैं जिसमें वे सब कुछ नियंत्रित कर सकें।’’

शुक्ला ने कहा, ”केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार दिल्ली के लोगों के जनादेश के साथ पूर्ण बहुमत के साथ तीन बार चुनी गई। उनकी गिरफ्तारी न केवल केजरीवाल पर हमला है बल्कि यह दिल्ली के लोगों, एक विचारधारा और लोकतंत्र पर हमला है।”

उन्होंने कहा, ”जो विपक्षी नेता उनके (भाजपा) खिलाफ आवाज उठाते हैं और उनके सामने सिर झुकाने से इनकार करते हैं, उन्हें जेल भेजा जा रहा है।”

शुक्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया है और उसे सलाखों के पीछे डाल दिया है। आप नेता ने कहा, ‘‘यदि भाजपा विपक्ष के बिना चुनाव लड़ना चाहती है तो उन्हें हमें घर बैठने के लिए कहना चाहिए। वे सिर्फ अकेले चुनाव लड़ना और जीतना चाहते हैं।’’

धरना स्थल पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जब पुलिस कर्मियों ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए जारी आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए विरोध प्रदर्शन नहीं करने के लिए कहा तब प्रदर्शनकारियों ने वहां से जाना शुरू कर दिया।

अरविंद केजरीवाल के परिजनों से मिलने उनके आवास पर पहुंचे पंजाब CM भगवंत सिंह मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, ITO मेट्रो स्टेशन शाम 6 बजे तक बंद

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को बीते गुरुवार ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आज आम आदमी पार्टी बड़ा प्रदर्शन करने वाली है। आप के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर दी है। वहीं, दिल्ली मेट्रो के आईटीओ मेट्रो स्टेशन को आज सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रखा गया है।

उत्तर-पूर्व दिल्ली में इमारत ढह जाने से दो लोगों की मौत, एक अन्य घायल

उत्तर-पूर्व दिल्ली के वेलकम इलाके में एक इमारत ढह जाने से एक जींस कारखाने के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, वहीं एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

जींस कारखाने के तीनों कर्मचारी दो मंजिला इमारत के भूतल पर काम कर रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) जॉय टिर्की ने बताया, ‘‘देर रात 2.16 बजे दो मंजिला इमारत के गिर जाने की सूचना मिली। यह एक पुरानी इमारत थी।’’

उन्होंने कहा कि इस भवन की पहली मंजिल खाली थी और भूतल पर जींस का कपड़ा काटने का काम हो रहा था।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबे में दबे तीन कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया।’’

मृतकों की पहचान अरशद (30) और तौहीद (20) के रूप में की गई है। घायल रेहान (22) का इलाज जीटीबी अस्पताल में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इमारत के मालिक की पहचान शाहिद के रूप में की गई है। उसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं।’’

पुलिस ने कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

GST फर्जीवाड़े के सरगना 25-25 हजार के इनामी दो उद्यमी गिरफ्तार

देश में 2600 से अधिक फर्जी कंपनी खोलकर भारत सरकार के राजस्व को अरबों रुपये का नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के दोनों सरगना को सेक्टर-20 पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों फर्जी तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट लेकर ठगी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि लंबे समय से वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी पर नोएडा पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) शक्ति मोहन अवस्थाीह ने बताया कि इनके साथ ही गिरोह के 32 आरोपी अब तक पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। गिरफ्त में आए दोनों आरोपी उद्यमी हैं और इनका मेटल का कारोबार है।

अवस्थी ने बताया कि जीएसटी फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड हरियाणा के सोनीपत निवासी अजय शर्मा एवं संजय जिंदल के तौर पर हुयी है ।

वायुसेना के सी-17 विमान ने अरब सागर में सटीकता से उतारे साजो-सामान, अपहृत जहाज छुड़ाने में दी मदद

भारतीय वायु सेना के एक सी-17 सामरिक परिवहन विमान ने सोमालियाई समुद्री डाकुओं से अपहृत मालवाहक जहाज को छुड़ाने में नौसेना की अहम सहायता की। विमान ने अरब सागर में समुद्री कमांडो के साथ दो लड़ाकू नौकाओं को भी सटीक स्थान पर पहुंचाया।

वायुसेना ने बताया कि ‘कॉम्बैट रबराइज्ड रेडिंग क्राफ्ट’ (सीआरआरसी) नौकाओं और मार्कोस कमांडो को हवाई मार्ग से पहुंचाकर दोनों बलों ने ‘समन्वय’ का ‘उल्लेखनीय प्रदर्शन’ किया।

नौसेना ने शनिवार को एक सुव्यवस्थित अभियान में भारतीय तट से लगभग 2,600 किलोमीटर दूर एक व्यापारिक जहाज को अपने कब्जे में लेकर उसे बंधक बनाने वाले 35 समुद्री लुटेरों को पकड़ लिया और जहाज पर बंधक बनाए गए चालक दल के सभी 17 सदस्यों को मुक्त करा लिया।

नौसेना ने करीब 40 घंटे के अभियान के दौरान आईएनएस कोलकाता और आईएनएस सुभद्रा और सी गार्जियन ड्रोन को तैनात किया। अभियान के लिए सी-17 विमान से विशिष्ट मार्कोस कमांडो को उतारा गया।

नौसेना ने बताया कि एमवी रुएन जहाज का सोमालियाई जलदस्युओं ने 14 दिसंबर को अपहरण कर लिया था।

वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया, ‘‘एकजुटता और समन्वय के एक उल्लेखनीय प्रदर्शन में, वायुसेना के सी-17 विमान ने जलदस्यु के खिलाफ चल रहे अभियान ‘संकल्प’ के समर्थन में भारतीय नौसेना के मार्कोस के साथ दो सीआरसीसी नौकाओं को अरब सागर में सटीक स्थान पर उतारा।’’

वायुसेना ने बताया, ‘‘भारतीय तट से 2600 किलोमीटर दूर एक क्षेत्र में लगभग 10 घंटे तक उड़ान भरते हुए, विशाल मालवाहक जहाज एमवी रुएन के चालक दल को बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया गया।’’

एक बयान में, नौसेना ने कहा कि एमवी रुएन पोत पर लगभग 37,800 टन माल लदा है जिसकी कीमत करीब 10 लाख अमेरिकी डॉलर है। इसे सुरक्षित भारत लाया जाएगा।

यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा लाल सागर में मालवाहक जहाजों पर बढ़ते हमलों के बाद रणनीतिक जलमार्गों पर निगरानी रखने के लिए नौसेना ने 10 से अधिक युद्धपोत तैनात किए हैं।