HomeBreaking Newsखाते में अनजान व्यक्ति से पैसे लेना पड़ सकता है भारी, बिहार...

खाते में अनजान व्यक्ति से पैसे लेना पड़ सकता है भारी, बिहार पुलिस ने पकड़े 1.09 लाख संदिग्ध अकाउंट

अगर किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर आप अपने बैंक खाते में पैसे मंगवाते हैं और बदले में कमीशन लेते हैं, तो सावधान हो जाइए। यह छोटी कमाई आपको साइबर अपराध के बड़े जाल में फंसा सकती है। ठग अक्सर ऐसे बैंक खातों का इस्तेमाल लोगों से लूटी गई रकम को छिपाने और दूसरे खातों तक पहुंचाने के लिए करते हैं। इन्हें ‘म्यूल अकाउंट’ कहा जाता है। बिहार पुलिस ने अब ऐसे खातों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए Cyber PRAHAAR 5.0 के तहत राज्य में 1 लाख 9 हजार 475 संदिग्ध खाते चिह्नित किए हैं।

क्या होता है म्यूल अकाउंट?

मान लीजिए किसी साइबर ठग ने फोन या मैसेज के जरिए किसी व्यक्ति से 5 लाख रुपये ठग लिए। पकड़े जाने से बचने के लिए वह सीधे अपने बैंक खाते में रकम नहीं मंगवाता। इसके बजाय वह किसी दूसरे व्यक्ति के खाते का इस्तेमाल करता है। ठगी का पैसा पहले उस खाते में आता है और फिर वहां से दूसरे खातों में भेज दिया जाता है। कई बार रकम को कई बैंक खातों के जरिए घुमाया जाता है, ताकि पुलिस के लिए पैसे के असली स्रोत और अंतिम लाभार्थी तक पहुंचना मुश्किल हो जाए। इसी तरह इस्तेमाल किए जाने वाले खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। ठग लोगों को नौकरी, घर बैठे कमाई या कमीशन का लालच देकर उनके खाते इस्तेमाल करने के लिए तैयार करते हैं। कुछ लोग जानबूझकर अपना खाता देते हैं, जबकि कुछ को यह जानकारी नहीं होती कि उनके खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध में हो रहा है।

बिहार में दो महीने में 121 करोड़ रुपये की ठगी

बिहार पुलिस के मुताबिक, Cyber PRAHAAR 5.0 के तहत 1,09,475 संदिग्ध म्यूल अकाउंट चिह्नित किए गए हैं। पुलिस इन खातों में आई रकम और वहां से आगे भेजे गए पैसों की जांच कर रही है। मकसद ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकना और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचना है।साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर वित्तीय धोखाधड़ी की 47,659 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें करीब 121 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई। पुलिस ने 36 करोड़ 94 लाख रुपये होल्ड कराए और लगभग 8 करोड़ 4 लाख रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के IG रंजीत कुमार मिश्रा ने अभियान से जुड़ी जानकारी दी।

खाते का इस्तेमाल कराने से बचें

बिहार पुलिस इससे पहले भी म्यूल अकाउंट के खिलाफ अभियान चला चुकी है। Cyber PRAHAAR 4.0 में 3,177 संदिग्ध खाते चिह्नित किए गए थे। इस दौरान 15 FIR दर्ज हुईं और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद Cyber PRAHAAR 4.1 में 1,226 संदिग्ध खातों की पहचान हुई। इस चरण में 17 FIR दर्ज की गईं और 12 साइबर अपराधियों के साथ छह पॉइंट ऑफ सेल (POS) एजेंट गिरफ्तार किए गए। पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि साइबर ठगी के मामलों में अब सिर्फ फोन या मैसेज के जरिए लोगों को फंसाने वालों पर ही नहीं, बल्कि पैसे को एक खाते से दूसरे खाते तक पहुंचाने वाले नेटवर्क पर भी नजर रखी जा रही है। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने की अनुमति न दें। कमीशन के लालच में ATM कार्ड, PIN, OTP या इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी साझा करना भी जोखिम भरा हो सकता है। अगर आपके साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।

Read More

17 साल की क्रिकेटर नंदिनी की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने 2 युवकों पर लगाए गंभीर आरोप…

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments