उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने के लिए योगी सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट बांटने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। पहले कार्यक्रम में लखनऊ समेत चार जिलों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। सरकार ने इसके साथ 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य भी रखा है।
50 हजार विद्यार्थियों को पहले चरण में मिलेंगे टैबलेट
15 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर पात्र विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। यूपीडेस्को के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, वितरण के लिए 25 लाख टैबलेट खरीदे जा चुके हैं। इन्हें प्रदेश के विभिन्न विभागों से संबद्ध विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
इन विभागों के संस्थानों के विद्यार्थी होंगे पात्र
योजना के दायरे में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग से जुड़े संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पशुधन और संस्कृति विभाग से संबद्ध शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी टैबलेट दिए जाएंगे। प्रदेश में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी इस योजना का लाभ ले सकेंगे। खास बात यह है कि पात्रता के लिए सरकार ने किसी तरह की आय या आयु सीमा तय नहीं की है।
60 लाख से ज्यादा डिवाइस बांट चुकी है सरकार
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत करीब पांच साल पहले हुई थी। इसके तहत अब तक प्रदेश सरकार 60 लाख से अधिक टैबलेट और स्मार्टफोन विद्यार्थियों को वितरित कर चुकी है। इस बार 25 लाख नए टैबलेट बांटने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, नए टैबलेट के स्पेसिफिकेशन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इनमें 3GB रैम, 8 इंच का डिस्प्ले और 1.8GHz क्वाड-कोर प्रोसेसर होगा। डिवाइस में 32GB इंटरनल स्टोरेज, 5 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 2 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस पहल से युवाओं को तकनीक आधारित पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जुड़ने में मदद मिलेगी।
Read More
‘एक महीने तक सारा काम छोड़कर वोटर जोड़ने में जुटें’ UP चुनाव से पहले CM योगी का बड़ा दांव

