HomeBreaking News'एक महीने तक सारा काम छोड़कर वोटर जोड़ने में जुटें' UP चुनाव...

‘एक महीने तक सारा काम छोड़कर वोटर जोड़ने में जुटें’ UP चुनाव से पहले CM योगी का बड़ा दांव

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने मतदाता सूची को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को लखनऊ में हुई पार्टी की अहम बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सभी जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) को लेकर रणनीति तय की गई। पार्टी का लक्ष्य छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ महिला, युवा और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाना है।

17 नवंबर से शुरू होगा नाम जुड़वाने का अभियान

उत्तर प्रदेश में SIR प्रक्रिया के बाद 17 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR शुरू होगा। इसे देखते हुए बीजेपी ने बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार की बैठक में जिलाध्यक्षों को मतदाता सूची की समीक्षा करने और छूटे हुए नामों की पहचान कर उन्हें दोबारा जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से अगले एक महीने तक इस अभियान पर पूरा ध्यान देने को कहा। उन्होंने महिला और युवा मतदाताओं को प्राथमिकता देने की बात कही। योगी ने दावा किया कि प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से कट गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए सक्रियता से काम करने की अपील की।

कमल साथी ऐप से होगी अभियान की निगरानी

बीजेपी इस अभियान में डिजिटल तकनीक का भी इस्तेमाल करेगी। पार्टी कार्यकर्ता कमल साथी ऐप के जरिए मतदाताओं से संपर्क करेंगे और नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में उनकी मदद करेंगे। बूथ और विधानसभा स्तर का डेटा डाउनलोड कर यह निगरानी की जाएगी कि किस क्षेत्र में कितने नए नाम शामिल हुए हैं। युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष कैंप लगाने की योजना है। पार्टी पंचायत सहायकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, आजीविका मिशन से जुड़े लोगों, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों की भी मदद लेगी। बीजेपी की प्राथमिकता में छह तरह के मतदाता हैं। इनमें 1 जनवरी 2027 को 18 साल के होने वाले युवा, महिलाएं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, पंचायत सूची में नाम होने के बावजूद विधानसभा सूची से बाहर लोग, राशन पाने के बाद भी वोटर लिस्ट में नाम नहीं रखने वाले और काम के लिए दूसरे शहरों या राज्यों में गए लोग शामिल हैं।

जीत की हैट्रिक के दावे के बीच अखिलेश का हमला

बैठक में बीजेपी नेताओं ने 2027 के चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने का भरोसा जताया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 60:40 के फॉर्मूले की बात कही, जबकि ब्रजेश पाठक ने भी पार्टी की रणनीति पर अपनी बात रखी। बीजेपी का चुनावी फोकस महिला और युवा मतदाताओं के साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ने पर है। वहीं, योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर सियासी विवाद शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के बयान को साजिश बताते हुए सवाल उठाया कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को यह जानकारी कैसे मिली और चुनाव आयोग ने उन्हें यह आंकड़ा किस आधार पर दिया।

Read More

छठ पर दिल्ली में दिखा भव्य नजारा! नमो यमुना रिवर सफारी में लाइट एंड साउंड शो ने मोहा मन

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments