दिल्ली में छठ महापर्व(Delhi Chhath festival) की शुरुआत के साथ ही सोनिया विहार स्थित नमो यमुना रिवर सफारी में खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को यहां भव्य लाइट एंड साउंड शो का आयोजन हुआ जिसमें रोशनी, संगीत और म्यूजिकल फाउंटेन के जरिए मां यमुना और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी पौराणिक कथाओं को दिखाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य यमुना रिवरफ्रंट को दिल्ली के प्रमुख पर्यटन और सांस्कृतिक स्थलों के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शो की शुरुआत देवी यमुना और उनके भाई यमराज के जन्म की कथा से हुई। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण और देवी यमुना से जुड़ी पौराणिक लीलाओं को आकर्षक रोशनी, संगीत और पानी के फव्वारों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। यमुना किनारे हुए इस आयोजन ने लोगों को एक अलग सांस्कृतिक अनुभव दिया।
छठ को राजनीति से दूर रखने की अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व की शुरुआत पर यमुना के किनारे इस तरह का आयोजन दिल्लीवासियों के लिए खास अनुभव है। इससे लोगों को यमुना की सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने विपक्षी दलों से भी अपील की कि छठ जैसे आस्था और एकता के पर्व को राजनीति से दूर रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस त्योहार को सभी लोगों को मिलकर मनाना चाहिए।
यमुना में इलेक्ट्रिक क्रूज से कर सकेंगे सैर
नमो यमुना रिवर सफारी में सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग 4 किलोमीटर के रूट पर इलेक्ट्रिक क्रूज चलाया जा रहा है। इसमें एक बार में 30 यात्री सफर कर सकते हैं। इस सेवा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने किया था।
सरकार की योजना फरवरी-मार्च 2027 तक एक और इलेक्ट्रिक क्रूज शुरू करने की है। यहां फ्लोटिंग जेट्टी, टिकट काउंटर, वेटिंग लाउंज, फूड कोर्ट, पार्किंग, बच्चों के खेलने की जगह और म्यूजिकल फाउंटेन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री के अनुसार, दिल्ली सरकार यमुना की सफाई, संरक्षण और नदी किनारे के विकास पर काम कर रही है। इलेक्ट्रिक क्रूज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से यमुना को एक बार फिर दिल्ली के पर्यटन और सामाजिक जीवन से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
[…] […]