Dev Deepawali: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देव दीपावली को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने स्थित रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही महाआरती, लेजर शो, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी जैसे आकर्षण श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देखने को मिलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्षों की व्यवस्थाओं और सामने आई समस्याओं से सीख लेकर इस बार बेहतर इंतजाम किए जाएं।
20 से 23 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर किया जाएगा। महोत्सव के चारों दिन सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए दीपकों को भी दीपोत्सव में शामिल किया जाएगा।
घाटों के साथ सारनाथ और मंदिरों में भी होगा दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली का उत्सव केवल गंगा के घाटों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों में भी दीपोत्सव के विशेष इंतजाम किए जाएं। इसके अलावा 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए भी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
महाआरती, ड्रोन शो और होगी ग्रीन आतिशबाजी
अधिकारियों के मुताबिक, 24 नवंबर की शाम काशी के सभी घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके बाद चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। वहीं, दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा। काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सुरक्षा के लिए 10 जोन और 36 सब-सेक्टर में बंटा घाट क्षेत्र
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान और देव दीपावली के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। यहां जोनल और सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा के लिए घाटों पर 27 वॉच टावर, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर के जरिए लगातार गश्त करेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
नावों के आने-जाने के लिए बनेगी टू-वे व्यवस्था
पिछले वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हुई अव्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन तैयार की गई है। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी, जबकि गंगा के सामने वाले रेतीले हिस्से की तरफ से अस्सी घाट से नमो घाट की ओर लौटेंगी। नदी में डीजल से चलने वाली और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
NDRF और जल पुलिस करेंगी लगातार निगरानी
नदी में सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस लगातार गश्त करेंगी। इसके साथ ही चेतसिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत राहत और बचाव सहायता मिल सके।
20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष सफाई अभियान
मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे वाराणसी शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान संपन्न होने के तुरंत बाद घाटों की सफाई कराई जाए, ताकि अगले दिन सुबह स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके अलावा टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उचित कीमत पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
Read More:
छठ पर घर जाने वालों के लिए महाराष्ट्र से चलेगी 1,500 विशेष ट्रेनें, 700 AI कैमरों से निगरानी


[…] देव दीपावली पर 11 लाख दीयों से रोशन होंग… […]