मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के राजपुर में फटक चौराहे के पास हुआ हादसा। बाइक पर पटाखे और पोटाश लेकर जा रहे दो युवक धमाके की चपेट में आए। किशोर की जांघ और हाथ की उंगलियां झुलसीं, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल से पटाखे और विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहे 16 वर्षीय किशोर की जेब में रखी पोटाश अचानक फट गई। धमाका इतना तेज था कि किशोर के कपड़ों में आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में बाइक चला रहा उसका साथी भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जेब में रखी पोटाश में दबाव से हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार शाम राजपुर इलाके के फटक चौराहे के पास हुआ। गुना जिले के कोलुआ निवासी विजयपाल यादव (16), पिता रामसिंह यादव, और रवि यादव (28), पिता अंग्रेज सिंह यादव, राजपुर से पटाखे और गजकुंडी चलाने के लिए पोटाश लेकर लौट रहे थे।
मोटरसाइकिल रवि यादव चला रहा था, जबकि विजयपाल पीछे बैठा हुआ था। उसने पोटाश से भरी थैली अपनी जेब में रख रखी थी। बताया जा रहा है कि बाइक फटक चौराहे के पास पहुंची, तभी जेब में रखी पोटाश में घर्षण और दबाव के कारण अचानक विस्फोट हो गया। धमाके के साथ ही विजयपाल के कपड़ों में आग लग गई।
चलती बाइक से उतरकर बुझाने लगा आग
धमाके और आग से घबराए किशोर ने चलती बाइक से उतरकर अपने कपड़ों में लगी आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान उसकी जांघ और हाथ की उंगलियां गंभीर रूप से झुलस गईं। वहीं बाइक चला रहे रवि यादव की पैंट घुटने के पास से फट गई और उसे भी चोटें आईं।
अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए किशोर के कपड़ों में लगी आग बुझाई। इसके बाद उसे तत्काल नजदीकी क्लीनिक ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अशोकनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं बाइक चालक रवि यादव को भी इलाज के लिए अशोकनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पटाखों और विस्फोटक सामग्री के परिवहन पर उठे सवाल
त्योहारों के मौसम में पटाखों और विस्फोटक सामग्री की खरीद-बिक्री बढ़ जाती है। ऐसे में पोटाश जैसे संवेदनशील पदार्थों को लापरवाही से ले जाना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और परिवहन को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
Read More

