HomeBreaking Newsजवानों के बीच पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अपने हाथों से मिठाई...

जवानों के बीच पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अपने हाथों से मिठाई खिलाकर मनाई दिवाली, देशभक्ति गीत ने बनाया खास

Defence Minister Rajnath Singh Diwali Celebration: दिवाली खुशियों, रोशनी और मिठाइयों का त्योहार है। हालांकि, देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों को अक्सर यह पर्व अपने परिवार से दूर रहकर मनाना पड़ता है। ऐसे में उनके बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां बांटना उनके लिए खास मायने रखता है। इसी भावना के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस बार पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भारतीय जवानों के साथ दिवाली मनाई। बागडोगरा एयरफील्ड पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में उन्होंने सैनिकों से मुलाकात की, उनसे बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने महिला जवान समेत कई सैनिकों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई।

जवान के देशभक्ति गीत ने बनाया माहौल यादगार

समारोह के दौरान एक खास पल तब देखने को मिला, जब भारतीय वायुसेना के एक जवान ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सामने देशभक्ति गीत सुनाया। जवानों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाने और मिठाई बांटने की इस पहल ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान रक्षामंत्री ने भारतीय वायुसेना के जवानों के साहस, अनुशासन और समर्पण की जमकर सराहना की।

जवानों को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने से लेकर प्राकृतिक आपदाओं के समय लोगों की मदद करने तक, भारतीय वायुसेना के जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं। उनकी प्रतिबद्धता देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना के जवानों की बहादुरी और समर्पण को केवल भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में पहचान मिली है।

अनुशासन ही सामान्य सैनिक को बनाता है असाधारण योद्धा

रक्षामंत्री ने सेना में अनुशासन के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो जाए, लेकिन सैनिकों में साहस और अनुशासन का होना बेहद जरूरी है। इसके बिना किसी भी तकनीक का पूरा लाभ नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने कहा, ‘हमारे सशस्त्र बल अपने अनुशासन के लिए जाने जाते हैं. अनुशासन ही एक सामान्य सैनिक को असाधारण योद्धा बनाता है।’

ड्रोन और साइबर सुरक्षा में दक्षता बढ़ाने पर जोर

राजनाथ सिंह ने भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों को आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने ड्रोन और साइबर सुरक्षा जैसे तेजी से बदलते क्षेत्रों का उल्लेख किया। रक्षामंत्री ने कहा कि जवान इन क्षेत्रों में नए कौशल सीख रहे हैं और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए सेना को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाना जरूरी है।

मेड इन इंडिया रक्षा तकनीक पर जताया गर्व

रक्षामंत्री ने भारत की बढ़ती रक्षा निर्माण क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के स्टार्टअप और उद्योग अब ड्रोन तथा ड्रोन रोधी प्रणालियों जैसे आधुनिक उपकरण विकसित कर रहे हैं। उन्हें इस बात पर गर्व है कि भारतीय सैनिक देश में विकसित तकनीक को अपनाने में आगे हैं। इससे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती मिल रही है।

स्थानीय लोगों के साथ अच्छे संबंध बनाने की अपील

राजनाथ सिंह ने जवानों से तैनाती वाले क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सैनिकों की वर्दी, भाषा और व्यवहार का स्थानीय लोगों पर गहरा प्रभाव पड़ता है। बागडोगरा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों का सेना के प्रति काफी लगाव है। जवानों की जिम्मेदारी है कि वे इस विश्वास और जुड़ाव को बनाए रखें। उन्होंने कहा, ‘आप स्थानीय लोगों से जितना अधिक जुड़ेंगे उतनी ही दुश्मन की साजिशें कमजोर होंगी।

Read More:

फरीदाबाद में धनतेरस की रात खूनी खेल! सिंगापुर से शादी में शामिल होने लौटे परमजीत की 15 गोलियां मारकर हत्या

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments