HomeBreaking Newsरात में आसमान से गिरा जलता हुआ LED बल्ब, उस पर लिखा...

रात में आसमान से गिरा जलता हुआ LED बल्ब, उस पर लिखा था ‘Made in Korea’… गांव में मचा हड़कंप

बिहार(Bihar) के समस्तीपुर जिले में एक रहस्यमयी घटना सामने आई है। विभूतिपुर इलाके के बेलसंडी डीह गांव में रात के समय आसमान से एक अजीब उपकरण नीचे गिरा। इस डिवाइस में LED बल्ब जल रहा था और उस पर ‘Made in Korea’ लिखा हुआ था। उपकरण के साथ पैराशूट जैसी डोर भी जुड़ी थी। आसमान से अचानक ऐसी चीज गिरने के बाद गांव में लोगों के बीच हलचल मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना देर रात की है। गांव के लोग अपने घरों में थे तभी आसमान से एक उपकरण नीचे आ गिरा। उसमें जलती हुई LED लाइट देखकर लोग हैरान रह गए। जब ग्रामीणों ने पास जाकर उसे देखा तो उस पर अंग्रेजी में ‘Made in Korea’ लिखा नजर आया। डिवाइस के साथ पैराशूट जैसी डोर भी लगी हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, इस डोर की लंबाई करीब 200 से 350 मीटर बताई जा रही है। हालांकि, इसकी वास्तविक लंबाई और उपकरण की बनावट की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

जासूसी उपकरण होने की चर्चा

डिवाइस मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। कुछ लोगों को आशंका हुई कि यह निगरानी करने वाला उपकरण हो सकता है जबकि कुछ लोग इसके जरिए इलाके की जानकारी जुटाए जाने की संभावना पर चर्चा करने लगे। हालांकि, अभी तक इसके जासूसी उपकरण होने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है।

पुलिस ने कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम गांव पहुंची और मौके का जायजा लिया। पुलिस उपकरण को अपने साथ जांच के लिए ले गई। शुरुआती जांच के दौरान डिवाइस पर मौसम विभाग से संबंधित होने का संकेत देने वाली जानकारी मिलने की बात कही गई है।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि उपकरण किस काम के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था और यह कहां से आया। पुलिस इसकी वास्तविक पहचान और इसके गांव तक पहुंचने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्यमयी डिवाइस के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments