HomeBreaking Newsजर्मनी के बोखुम में 3 भारतीय छात्रों की मौत से मचा हड़कंप,...

जर्मनी के बोखुम में 3 भारतीय छात्रों की मौत से मचा हड़कंप, हत्या के शक में रोमानियाई नागरिक गिरफ्तार

जर्मनी(Germany) के नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य के बोखुम शहर में बुधवार को एक रिहायशी इमारत में आग लगने से तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मृतकों में 25 और 27 वर्ष की दो युवतियां और 26 वर्ष का एक युवक शामिल है। बताया जा रहा है कि तीनों जर्मनी में पढ़ाई कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित एक अपार्टमेंट से तीनों के शव बरामद किए गए। फिलहाल मृतकों के नाम और भारत में उनके मूल निवास से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है।

धुएं के कारण पांच अन्य लोगों की हालत गंभीर

इस घटना में पांच अन्य लोग भी प्रभावित हुए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, आग से उठे धुएं के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इन लोगों की राष्ट्रीयता और स्वास्थ्य की मौजूदा स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

हत्या के संदेह में 41 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

मामले में जर्मन पुलिस ने हत्या के संदेह में 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तारी के बावजूद घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। आग कैसे लगी और क्या इसका संबंध किसी आपराधिक गतिविधि से है, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेंगे।

भारतीय दूतावास पीड़ित परिवारों के संपर्क में

घटना के बाद बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा की। दूतावास के अनुसार, जर्मनी में भारतीय दूतावास और फ्रैंकफर्ट स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।

दोनों मिशन मृतकों के परिवारों से भी जुड़े हुए हैं और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। तीन युवाओं की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल जर्मन अधिकारियों की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : काशीपुर में BJP का दो दिवसीय सम्मेलन, CM धामी के साथ बीएल संतोष और…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments