पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सेंट्रल कॉलोनी की दुर्गा पूजा इस बार अपनी भव्य सजावट और मां दुर्गा की सोने के गहनों से सजी प्रतिमा को लेकर चर्चा में है। यहां देवी की प्रतिमा पर 100 किलो से अधिक सोने के आभूषण सजाए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक, इन गहनों की अनुमानित बाजार कीमत 120 से 140 करोड़ रुपये के बीच है। प्रतिमा के दर्शन करने और उसकी तस्वीरें लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल पहुंच रहे हैं।
दुर्गा पूजा के 64वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी सेंट्रल कॉलोनी पूजा समिति ने इस बार पंडाल की थीम ‘A Fairy Tale of Sculptures’ रखी है। कलात्मक सजावट और मां दुर्गा के भव्य स्वरूप ने इस आयोजन को सिलीगुड़ी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल कर दिया है।
सोने के आभूषण बने श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र
पंडाल को मूर्तिकला की खूबसूरती और कलात्मक बारीकियों को ध्यान में रखकर सजाया गया है। हालांकि, यहां आने वाले लोगों के लिए सबसे खास आकर्षण मां दुर्गा की प्रतिमा पर सजे सोने के गहने हैं। पंडाल के उद्घाटन के बाद से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। आयोजकों के अनुसार, प्रतिमा पर सजाए गए आभूषण आभूषण ब्रांड Senco Gold & Diamonds की ओर से प्रायोजित किए गए हैं। इनकी कीमत करोड़ों रुपये में होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। श्रद्धालु दर्शन के साथ प्रतिमा की तस्वीरें भी ले रहे हैं।
40 से ज्यादा CCTV कैमरे
सोने के कीमती आभूषणों और पंडाल में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए परिसर में 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक, सुरक्षा के लिए पुलिस, सशस्त्र बलों और निजी सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन के दौरान लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो और पूजा में शामिल होने आए लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
सांसद जयंत रॉय ने किया पंडाल का उद्घाटन
सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा का औपचारिक उद्घाटन जलपाईगुड़ी के सांसद जयंत रॉय ने किया। इसके बाद पंडाल में दर्शन के लिए लोगों की संख्या बढ़ने लगी। इस साल की मूर्तिकला आधारित थीम और सोने के गहनों से सजी प्रतिमा ने आयोजन को खास पहचान दी है। कोलकाता की दुर्गा पूजा अपने विशाल पंडालों और अनूठी थीम के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। पश्चिम बंगाल के दूसरे शहरों में भी इस पर्व को लेकर खास उत्साह रहता है। सिलीगुड़ी की सेंट्रल कॉलोनी की पूजा भी इस बार अपनी कलात्मक सजावट, सुरक्षा इंतजामों और करोड़ों रुपये के सोने के आभूषणों के कारण सुर्खियों में है।
Read More


[…] सिलीगुड़ी की दुर्गा पूजा में 100 किलो से… […]
[…] सिलीगुड़ी की दुर्गा पूजा में 100 किलो से… […]