Jammu & Kashmir Border Pakistani Balloon: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक संदिग्ध गुब्बारा मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रामगढ़ क्षेत्र के नांगा गांव के पास मिले इस पॉलिथीन के गुब्बारे पर पाकिस्तान का झंडा छपा हुआ था। इसके अलावा उस पर उर्दू में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं से जुड़ा संदेश लिखा था।
स्थानीय व्यक्ति ने दी सूचना
नांगा गांव के पास एक स्थानीय व्यक्ति की नजर आसमान से आकर जमीन पर गिरे गुब्बारे पर पड़ी। गुब्बारे को देखकर उसे संदेह हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी जानकारी संबंधित बार्डर पुलिस पोस्ट कामोर को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने की प्रारंभिक जांच
मौके पर पुलिस ने गुब्बारे की शुरुआती जांच की। इस दौरान गुब्बारे के पाकिस्तान निर्मित पॉलिथीन से बने होने और उस पर पाकिस्तान का झंडा और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं से संबंधित उर्दू संदेश छपे होने की जानकारी सामने आई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने गुब्बारे को जब्त कर लिया है।
पाकिस्तान से कैसे पहुंचा?
अब सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गुब्बारा हवा के साथ पाकिस्तान की ओर से उड़कर भारतीय क्षेत्र में पहुंचा या इसके पीछे कोई कोई दूसरा कारण है। सीमा क्षेत्र में पाकिस्तान की तरफ से पहले भी ड्रोन और अन्य संदिग्ध वस्तुओं के भारतीय क्षेत्र में आने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी वजह से इस तरह की किसी भी वस्तु को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जाता है।
इलाके में बढ़ाई गई निगरानी
गुब्बारा मिलने की घटना की जानकारी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी दे दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आसपास के इलाकों में किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की आशंका को देखते हुए निगरानी कर रही हैं। फिलहाल जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि गुब्बारा केवल हवा के बहाव के कारण भारतीय क्षेत्र में पहुंचा था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।
Read More:
बच्चों के अपहरण-तस्करी के मामलों पर सुप्रीम कोर्ट का रुख सख्त, केंद्र और राज्यों को जारी किया नोटिस

