लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेशभर में फायर सेफ्टी और अवैध रूप से चलाए जा रहे कोचिंग संस्थानों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी इमारत के बेसमेंट में कोचिंग सेंटर चला सकते हैं।
CM योगी ने दिए निर्देश
मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने इस घटना को पूरे प्रदेश के लिए चेतावनी बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सभी जिलों में मिशन मोड पर फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाने के निर्देश दिए।
हर जिले में होगा फायर सेफ्टी ऑडिट
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों, नर्सिंग होम, मेडिकल कॉलेजों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कोचिंग संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की गहन जांच कराई जाए। जहां भी खामियां पाई जाएं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बेसमेंट का इस्तेमाल कोचिंग सेंटर के लिए नहीं होगा
CM योगी ने कहा कि प्रदेश में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण जरूरी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी भवन के बेसमेंट को पार्किंग के लिए मंजूरी मिली है, तो उसका इस्तेमाल केवल पार्किंग के लिए ही किया जाएगा। वहां किसी भी तरह की व्यावसायिक काम नहीं किए जा सकते। उन्होंने यह भी कहा कि भवन या भूमि को जिस काम के लिए मंजूरी दी गई है, उसका इस्तेमाल सिर्फ उसी काम के लिए होना चाहिए। आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों की इजाजत नहीं होगी।
लखनऊ हादसे से लिया गया सबक
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिस इमारत में आग लगी थी, उसका निर्माण आवासीय उपयोग के लिए किया गया था, लेकिन नियमों की अनदेखी करते हुए वहां व्यावसायिक गतिविधियां की जा रही थीं। ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए पूरे प्रदेश में सख्ती बरती जाएगी। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जिले में विशेष टीमें गठित कर फायर सेफ्टी अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा, लेकिन कार्रवाई के नाम पर किसी को परेशान भी किया जाना चाहिए।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।