पुणे में एक कारोबारी परिवार से जुड़े 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गहुंजे निवासी और रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की हत्या उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर कर दी। आरोप है कि दोनों ने लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया और इसे हादसा साबित करने की कोशिश की।
नवंबर में होनी थी शादी
केतन विशाल अग्रवाल और 20 वर्षीय सिया गोयल की शादी इस साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में तय थी। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समारोह पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च होने थे और मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमान तक बुक किए जाने थे।
बाली ट्रिप और प्री-वेडिंग शूट की थी योजना
दोनों शादी से पहले बाली घूमने जाने वाले थे, लेकिन पुलिस के अनुसार सिया ने पासपोर्ट खोने का हवाला देकर यात्रा रद्द करवा दी। वहीं, केतन ने सिया के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में 40 कमरे बुक कराए थे और लोहागढ़ किले पर प्री-वेडिंग फोटोशूट की भी योजना बनाई गई थी।
पहली कोशिश नाकाम
जांच में सामने आया है कि सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने 14 जून को ही केतन की हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि उस दिन दोनों ने सांप का डर दिखाकर उसे खाई में धकेलने की कोशिश की, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 18 जून को सिया ने प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन के बहाने केतन को दोबारा लोहागढ़ किले पर बुलाया। पुलिस का आरोप है कि पहले से मौजूद चेतन के साथ मिलकर दोनों ने केतन को खाई में धक्का दे दिया।
पहले बताया गया था हादसा
पुणे ग्रामीण पुलिस के SP संदीप सिंह गिल के अनुसार, शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया था। सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गए। इसी आधार पर आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, पुलिस को परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। फोन रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच में पता चला कि सिया और कोंढवा निवासी 22 वर्षीय चेतन चौधरी के बीच संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगता था कि केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहा है।
पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार
स्थानीय अपराध शाखा ने पहले चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है।
Read More
गर्मियों में लंबे समय तक Vegetables को कैसे ताजा रखें?